5 डे वर्किंग की मांग को लेकर बैंक कर्मचारी इस महीने में दूसरी बार हड़ताल पर जा रहे हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिन की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल रहेगी। इससे पहले 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार होने के कारण लगातार पांच दिन बैंक बंद रहेंगे। बैंक 1 अक्टूबर को खुलेंगे, जबकि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती की छुट्टी रहेगी। यूनियन प्रतिनिधि विपिन सिंह सतोरिया ने बताया कि 5 डे वर्किंग की मांग को लेकर बैंक कर्मचारी देशव्यापी आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि RBI, LIC और केंद्र व राज्य सरकार के कार्यालयों में पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू है, लेकिन बैंकिंग क्षेत्र में इसे अब तक लागू नहीं किया गया है। महीने में दूसरी बार हड़ताल इस महीने 11 सितंबर को भी बैंक कर्मचारी एक दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल कर चुके हैं। अब सितंबर में दूसरी बार बैंक कर्मचारी हड़ताल पर जा रहे हैं। उज्जैन में करीब 297 बैंक शाखाओं के 4 हजार से अधिक कर्मचारी हड़ताल में शामिल होने की बात कही गई है। बैंक कर्मचारी टॉवर से रैली निकालकर प्रदर्शन भी करेंगे। यूनियनों का कहना है कि 8 मार्च 2024 को केंद्र सरकार और बैंक यूनियनों के बीच पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनी थी, लेकिन वित्त मंत्रालय की ओर से अब तक इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है। डिजिटल लेनदेन और ATM चलते रहेंगे बैंक यूनियन प्रतिनिधियों ने लोगों से अपील की है कि वे हड़ताल से पहले अपने जरूरी बैंकिंग काम निपटा लें। हड़ताल के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कामकाज प्रभावित रहेगा। हालांकि डिजिटल लेनदेन और ATM सेवाएं जारी रहने की बात कही गई है।

