पानीपत में फर्जी कस्टम अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट और पार्सल क्लीयरेंस के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। अमेरिका से सामान का पार्सल आने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक युवक को डराया-धमकाया और उससे ₹1,27,000 ऐंठ लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पानीपत पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है। अमेरिका से आना था पार्सल, संपर्क टूटते ही सक्रिय हुए ठग जौरासी रोड, करहंस निवासी अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अमेरिका से उनका एक कूरियर/पार्सल आना था, जिसमें मोबाइल, ज्वेलरी और जूते इत्यादि सामान था। पार्सल कूरियर होने के महज दो दिन बाद कूरियर भेजने वाले व्यक्ति से पीड़ित का संपर्क अचानक बंद हो गया। इसी दौरान पीड़ित के पास अनजान नंबरों से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को कस्टम अधिकारी बताया और पार्सल में कीमती/अवैध सामान होने का डर दिखाकर कानूनी कार्रवाई की धमकी दी। डरा-धमका कर हड़पे 1.27 लाख रुपए आरोपी ने पीड़ित को जेल भेजने और कानूनी झंझट में फंसाने का खौफ दिखाया। फर्जी कस्टम अधिकारी के झांसे और डर में आकर पीड़ित ने आरोपियों के बताए खातों में कुल ₹1,27,000 ट्रांसफर कर दिए। पैसे भेजने के बाद भी जब पार्सल नहीं मिला और ठगों की ओर से और रुपयों की मांग की जाने लगी, तब पीड़ित को अपने साथ हुई साइबर धोखाधड़ी का अहसास हुआ।

