सिद्धार्थनगर में शादी वाली रात ही दूल्हा-दुल्हन के शव कमरे में मिले। पत्नी की लाश फर्श पर पड़ी थी, जबकि पति का शव लटका हुआ मिला। पुलिस की जांच अब उनके मोबाइल फोन पर केंद्रित है। पुलिस ने दोनों के फोन जब्त कर लिए हैं। फोन की कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल और रात में हुई बातचीत खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सोमवार (21 सितंबर) को कमरे में जाने के बाद दोनों के बीच क्या हुआ था। वहीं लोगों में चर्चा है कि रात में फोन में कोई वीडियो आने के बाद दोनों में विवाद हुआ था। शादी और बहुभोज के बाद कमरे में गए थे दोनों बांसी क्षेत्र के टेकधर बाबा मंदिर में देशराज चौहान (24) और अनीता चौहान (22) की शादी हुई। दोनों परिवारों की सहमति से हुई इस शादी के बाद घर पर बहुभोज का आयोजन किया गया। इसमें नाते-रिश्तेदार और पड़ोसी शामिल हुए। कार्यक्रम रात करीब 11 बजे तक चला, जिसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। देशराज और अनीता भी अपने कमरे में चले गए थे। सुबह दरवाजा खटखटाने पर हुई जानकारी मंगलवार सुबह करीब 7 बजे देशराज की मौसी मीनाक्षी बहू अनीता को जगाने पहुंचीं। बाहर से आवाज लगाने पर जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुला था। अंदर का नजारा देखकर वह चीख पड़ीं। फंदे पर लटका मिला पति, फर्श पर पड़ी थी पत्नी की लाश उनकी आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। कमरे में अनीता का शव लाल शादी के जोड़े में फर्श पर पड़ा था, जबकि देशराज का शव पत्नी की साड़ी से फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने उन्हें नीचे उतारा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। दोनों के घरों में 15 किमी की दूरी देशराज जनियाजोत गांव के रहने वाले थे और अनीता कड़जहवा गांव की थी। दोनों के घरों के बीच करीब 15 किलोमीटर की दूरी है। लगभग तीन महीने पहले दोनों परिवारों ने शादी तय की थी और मई 2027 में शादी की तारीख तय की गई थी। जुलाई में उनकी सगाई हुई थी। दिल्ली से लौटने के बाद अचानक बदली तारीख सगाई के बाद देशराज दिल्ली चला गया, जहां वह पानीपुरी की दुकान पर काम करता था। इस दौरान दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रहती थी। करीब 15 दिन पहले देशराज दिल्ली से घर लौटा। अनीता के पिता इसी दौरान अनीता भी उसके घर पहुंच गई। इसके बाद दोनों परिवारों ने शादी का फैसला आगे बढ़ाते हुए 21 सितंबर को ही शादी कराने का निर्णय लिया। दिन में मंदिर में शादी हुई और रात में बहुभोज के बाद दोनों कमरे में चले गए। घटना को लेकर खड़े हो रहे कई सवाल अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि रात 11 बजे तक सब कुछ सामान्य था तो इसके बाद ऐसा क्या हुआ? दोनों के बीच कोई विवाद हुआ था या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह थी? पुलिस दोनों मोबाइल की कॉल डिटेल और व्हाट्सएप गतिविधियों को खंगाल रही है। घटना से पहले दोनों ने किससे बात की, किससे वीडियो कॉल की और रात में मोबाइल पर क्या बातचीत हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार पुलिस की शुरुआती जांच में पति द्वारा पत्नी की हत्या करने के बाद खुदकुशी किए जाने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होगी। युवती के पिता ने दूल्हे के पिता पर लगाया आरोप इधर, अनीता के पिता पंचराम ने बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने हत्या का आरोप देशराज के पिता मुकेश चौहान पर लगाया है। पुलिस इस आरोप को भी जांच में शामिल कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फोन करके घर भेजने को कहा था पंचराम ने बताया कि देशराज जब दिल्ली से लौटा तो उसने फोन किया था। उसका कहना था कि घर में काम काफी ज्यादा है तो अनीता को भेज दीजिए। हम लोगों ने मना कर दिया था कि बिना शादी के ऐसे कैसे भेज दें। लेकिन फोन के बाद अनीता वहां पहुंच गई। पिता दिल्ली में रहकर बेचते हैं सब्जी देशराज के पिता मुकेश चौहान दिल्ली में सब्जी बेचते हैं और कुछ दिनों से घर पर थे। परिवार दो मंजिला मकान में रहता है। देशराज का एक छोटा भाई अरुण और छोटी बहन कुच्ची है। अनीता के पिता पंचराम खेती-किसानी करते हैं। बहन बोली- दरवाजा बाहर से खुला था अनीता की बहन का कहना है कि घर वालों और आस-पड़ोस के लोगों ने मिलकर उनकी हत्या की है। मैं जब अपनी बहन को देखने पहुंची, तो घर का दरवाज़ा बाहर से खुला हुआ था; यदि उन दोनों ने खुद को नुकसान पहुंचाया होता, तो दरवाज़ा अंदर से बंद होता। कमरे में खाना वैसा ही पड़ा हुआ था, थाली में पूरी, सब्ज़ी, दाल और चावल रखे थे, लेकिन किसी ने एक दाना भी नहीं खाया था। चारों तरफ सामान और फूल बिखरे पड़े थे और ज़मीन पर सिर्फ़ चटाई बिछी हुई थी। हम लोग जब वहां पहुंचे तो गांव वालों ने मिलकर हमारे साथ मारपीट की और गाली-गलौज की। लड़के के पिता ने ही यह काम किया होगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस सीओ शिवेंदु सिंह ने बताया कि शादी के बाद पति-पत्नी के शव मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

