दुष्कर्म के आरोपी युवक का फंदे से लटका शव मिला:कौशांबी में करीब दो महीने पहले जमानत पर आया था घर, मंगलवार को कोर्ट में थी तारीख

दुष्कर्म के आरोपी युवक का फंदे से लटका शव मिला:कौशांबी में करीब दो महीने पहले जमानत पर आया था घर, मंगलवार को कोर्ट में थी तारीख

कौशाम्बी के कड़ाधाम थाना क्षेत्र में एक 20 साल के युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। युवक की पहचान सौरई बुजुर्ग के कटरा मोहल्ला निवासी दीपू पटेल के रूप में हुई है। मंगलवार शाम करीब 7 बजे यह घटना हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। दीपू पटेल, जो मोहन लाल का बेटा था, मंगलवार शाम अपने घर के कमरे में था। उसकी मां खेत से काम कर लौटीं तो उन्होंने बेटे का शव फंदे से लटका देखा। यह देखकर उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। जानकारी के अनुसार, करीब सात महीने पहले दीपू के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। परिजनों ने बताया कि वह करीब दो महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। मंगलवार को इस मामले में उसकी कोर्ट में तारीख भी थी। कड़ाधाम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *