शिवपुरी में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ गए हैं। मंगलवार को बाजार दौरे पर निकले विधायक देवेंद्र जैन से दुकानदारों ने शिकायत की। सभी ने नगर पालिका बाजार बैठक के नाम पर हर महीने एक हजार रुपए की वसूली का आरोप लगाया। दुकानदारों ने विधायक को वसूली की रसीद भी दिखाई। इस पर विधायक ने नाराजगी जताई। मौके पर पुलिस को बुलाया। उन्होंने पुलिस को मामले की FIR दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए। सफाई कर्मचारी फिर हड़ताल पर यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब शिवपुरी नगर पालिका के सफाई कर्मचारी एक बार फिर हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों ने मंगलवार से काम बंद कर दिया है। इससे पहले भी कर्मचारी 25 अगस्त से 31 अगस्त तक हड़ताल पर रहे थे। तब प्रशासन के आश्वासन के बाद हड़ताल खत्म कर दी गई थी। 11 सितंबर को भी हड़ताल बुलाई गई थी, लेकिन उसी दिन आश्वासन मिलने पर आंदोलन रद्द कर दिया गया था। कर्मचारियों का कहना है कि कई दिन बीत जाने के बाद भी उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सफाई कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि इस बार सिर्फ आश्वासन के आधार पर हड़ताल खत्म नहीं की जाएगी। मांगे नहीं मानने तक आंदोलन जारी कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें विनियमितीकरण, नियमितीकरण और प्रमोशन के पत्र दिए जाएं। साथ ही, उनके ईपीएफ (EPF) और एनपीएस (NPS) की राशि जमा होने के प्रमाण भी उपलब्ध कराए जाएं। कर्मचारियों का आरोप है कि नगर पालिका के अधिकारी ईपीएफ जमा होने की बात कह रहे हैं। लेकिन उनके खातों में यह राशि दिखाई नहीं दे रही है। इसलिए कर्मचारी दस्तावेजी प्रमाण मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।

