कानपुर एयरफोर्स स्टेशन में चोरी की बाइक संग युवक गिरफ्तार:गेट पर सुरक्षाकर्मियों ने दबोचा, पूछताछ में चोरी कबूली; पुलिस ने जेल भेजा

कानपुर एयरफोर्स स्टेशन में चोरी की बाइक संग युवक गिरफ्तार:गेट पर सुरक्षाकर्मियों ने दबोचा, पूछताछ में चोरी कबूली; पुलिस ने जेल भेजा

कानपुर के चकेरी स्थित वायुसेना स्टेशन की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की गई। चोरी की बाइक के साथ स्टेशन में घुसने का प्रयास कर रहे एक युवक को सुरक्षाकर्मियों ने गेट पर ही दबोच लिया। युवक ने पूछताछ में बाइक स्टेशन के बाहर से चोरी करने की बात कबूली। एयरफोर्स स्टेशन के गेट इंचार्ज की शिकायत पर चकेरी पुलिस ने मामला दर्ज किया और मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र के मुताबिक, सोमवार दोपहर एयरफोर्स के गेट इंचार्ज अजीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। अजीत ने बताया कि एक संदिग्ध युवक बाइक से आता दिखा, जिससे पूछताछ की गई। वह अपनी पहचान छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के बुलेका नगर निवासी शिवा (19) के रूप में बताया। आरोप है कि युवक बिना किसी वैध अनुमति के बाइक लेकर वायुसेना स्टेशन में घुसने की कोशिश कर रहा था। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह एसजीआर गेट के बाहर से बाइक चोरी कर भाग रहा था, तभी सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। एयरफोर्स सुरक्षाकर्मियों ने बाइक के मालिक की जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह देहली सुजानपुर निवासी अनुप कुमार सिंह हैं। अनुप अधिकृत कार्य से वायुसेना स्टेशन आए थे। उन्हें घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल सुरक्षाकर्मियों के पास पहुंचे और अपनी बाइक की शिनाख्त की। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई। एयरफोर्स की विभिन्न जांच एजेंसियों ने युवक की संदिग्धता को लेकर पड़ताल की। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मामले में कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस अब आरोपी शिवा का आपराधिक इतिहास और उसके गैंग की तलाश में जुटी है। पुलिस इस चोरी की घटना के कई पहलुओं पर जांच कर रही है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि, आरोपी से जुड़े लोगों के खिलाफ भी ठोस कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *