कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के प्रेम नगर सेकंड में चौथ माता मंदिर के पास देर रात एक मकान में अचानक आग लग गई। जिससे कमरे में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य आग की चपेट में नहीं आए। शॉर्ट सर्किट से आग लगना सामने आया है। मकान मालिक लटूर लाल गुर्जर ने बताया कि परिवार के लोग मकान के बाहर वाले कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अंदर के कमरे में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते कमरे में रखा कूलर, फ्रिज, बाइक, कपड़े, बच्चों की कॉपी-किताबें, बैग और नकदी समेत अन्य सामान जल गया। लटूर लाल के मकान के पास से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है और उसका बिजली का खंभा भी मकान के नजदीक ही है। आग से हुए नुकसान की भरपाई करेंगे-कांग्रेस नेता स्थानीय निवासी कांग्रेस नेता विनोद बुर्ट ने बताया कि देर रात हाईटेंशन लाइन से मकान में करंट आने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। घटना की जानकारी निजी बिजली कंपनी के अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद कंपनी की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मकान मालिक से जले और क्षतिग्रस्त सामान की पूरी लिस्ट मांगी है। बताया गया है कि नुकसान की जानकारी मिलने के बाद नियमानुसार भरपाई की जाएगी। घटना में परिवार सुरक्षित रहा, लेकिन आग से घर का काफी सामान जल गया।

