चंदौली के सदर कोतवाली में सर्विस रोड के पास स्थित देसी शराब की दुकान में सोमवार रात चोरी हो गई। अज्ञात चोर छत की तरफ बने दरवाजे को तोड़कर दुकान के अंदर घुसे। चोर करीब 1.20 लाख रुपए नकद, तीन सीसीटीवी कैमरे समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपए बताई जा रही है। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे सेल्समैन को चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। यह दुकान अनुज्ञापिनी बेबी पत्नी नारायण दास जायसवाल की है। सोमवार रात करीब 10 बजे सेल्समैन ओंकार, अरविंद और चंद्रप्रकाश दुकान बंद करके घर चले गए थे। इसके बाद रात में किसी समय चोर छत की तरफ से बने दरवाजे को तोड़कर दुकान में दाखिल हुए। चोरों ने दुकान में रखी करीब 1.10 लाख रुपए की नकदी के अलावा एक टीवी, सीसीटीवी कैमरा, सरकारी स्कैनर समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी में तीन सीसीटीवी कैमरे भी शामिल बताए जा रहे हैं। सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो बिखरा मिला सामान मंगलवार सुबह करीब 10 बजे सेल्समैन दुकान खोलने पहुंचे। अंदर पहुंचने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला और चोरी का पता चला। इसके बाद सेल्समैन ने तत्काल दुकान की अनुज्ञापिनी बेबी और नारायण दास जायसवाल को घटना की जानकारी दी। दुकान से नकदी और अन्य सामान गायब मिलने के बाद डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस चोरी के दौरान चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। कस्बा इंचार्ज तरुण कश्यप ने बताया कि शराब की दुकान में चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

