11 सदस्यों के इस्तीफे और तानाशाही के आरोपों पर फूटा राकेश बेदी का गुस्सा, CINTAA विवाद पर बोले- ये बेहद गलत है

11 सदस्यों के इस्तीफे और तानाशाही के आरोपों पर फूटा राकेश बेदी का गुस्सा, CINTAA विवाद पर बोले- ये बेहद गलत है

Rakesh Bedi react On CINTAA Controversy: सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) में गहराया अंदरूनी संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। संस्था में चल रही खींचतान, नेताओं के इस्तीफों और कोर्ट-कचहरी के चक्कर में फंस गई है। ऐसे में अब इस पूरे विवाद पर फिल्म ‘धुरंधर’ फेम और दिग्गज अभिनेता राकेश बेदी (Rakesh Bedi) ने चुप्पी तोड़ी है और पूरे मामले पर अपनी बात रखते हुए गहरा दुख जताया है। उन्होंने कमेटी के सदस्यों से आपसी मतभेद भुलाकर इंडस्ट्री के साथी कलाकारों के हित में एकजुट होकर खड़े होने की अपील भी की है। वहीं, उपासना सिंह ने भी सभी आरोपों पर जवाब दिया था।

राकेश बेदी ने CINTAA विवाद पर दिया बयान

CINTAA में विवाद की शुरुआत उस समय हुई थी जब 21 सदस्यों वाली एग्जीक्यूटिव कमेटी के 11 सदस्यों ने अचानक अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने वालों में पुनीत इस्सर, विंदू दारा सिंह, मुकेश ऋषि और हेमंत पांडे जैसे 8 चुने हुए वरिष्ठ सदस्य शामिल थे।

इस्तीफा देने वाले सदस्यों और जनरल सेक्रेटरी उपासना सिंह ने CINTAA की प्रेसिडेंट पूनम ढिल्लों और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पद्मिनी कोल्हापुरी पर ‘एकतरफा फैसले लेने’, ‘तानाशाही चलाने’, संस्था में पारदर्शिता की कमी और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए थे। हालांकि, पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। बाद में मामला अदालत तक पहुंचा, जहां कोर्ट ने 9 सितंबर को कानूनी कार्रवाई के अधीन चुनाव कराने की अनुमति दी और 12 सितंबर को CINTAA के नए चुनाव कराए गए। इससे पहले विंदु दारा सिंह ने भी अपनी बात रखी थी।

“राज कपूर शो के लिए मैंने अपनी जेब से पैसे दिए”- राकेश बेदी

राकेश बेदी ने ANI संग खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि जो कुछ भी CINTAA में हो रहा है, वह बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने 2024 में राज कपूर की जन्म शताब्दी पर आयोजित म्यूजिकल ट्रिब्यूट को याद करते हुए भावुक अंदाज में कहा, “जो हो रहा है वह बहुत दुखद है, ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए। हम जैसे कई एक्टर्स बिना किसी स्वार्थ के अपना कीमती समय निकालते हैं और योगदान देते हैं। यह हमारी तरफ से साथी कलाकारों के लिए एक तरह का सोशल वर्क (समाज सेवा) है। पूनम जी और पद्मिनी जी ने बहुत मेहनत से काम किया है।”

बेदी ने पहली बार एक बड़ा खुलासा करते हुए आगे कहा, “राज कपूर जी के उस ऐतिहासिक शो के लिए मैंने अपनी जेब से भी पैसे दिए थे। मैंने साथी कलाकारों के फायदे के लिए अपनी तरफ से फंड कंट्रीब्यूट किया था। ऐसा नहीं है कि हम काम नहीं कर रहे थे या हमारी नीयत सही नहीं थी।”

जल्द अंदरूनी तौर पर सुलझेगा विवाद

विवाद के बावजूद राकेश बेदी को उम्मीद है कि यह संकट ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगा और संस्था जल्द ही पटरी पर लौट आएगी। उन्होंने कहा, “स्थिति जल्द ही सुलझ जाएगी। ऐसा नहीं है कि यह झगड़ा हमेशा चलता रहेगा और CINTAA का काम रुक जाएगा। संस्था काम करती रहेगी और सेटलमेंट जरूर होगा। मेरा हर एक्टर के साथ व्यक्तिगत तौर पर बहुत अच्छा रिश्ता है। हर किसी का अपना नजरिया होता है, जो शायद आज मेल न खा रहा हो, लेकिन भविष्य में सब ठीक हो जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *