शहरी निकायों के अध्यक्ष के चुनावों में बीजेपी का दबदबा रहा है। निकाय चुनावों में बड़े नेताओं के इलाकों में मिला जुला प्रदर्शन रहा है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के गृह जिले पाली की नगर निगम सहित सभी 10 निकायों में बीजेपी का बोर्ड बना है। यहां कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के क्षेत्र की लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका में कांग्रेस का अध्यक्ष जीता है। वसुंधरा राजे के क्षेत्र झालरापाटन में बीजेपी का बोर्ड बना है। निकाय प्रमुखों के चुनाव परिणामों को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच खूब वार पलटवार चल रहे हैं। कांग्रेस बीजेपी पर सत्ता के जमकर दुरुपयोग करने के आरोप लगा रही है। इस बीच बड़े नेताओं के इलाकों में शहरी निकायों के परिणामों ने नई चर्चाएं छेड़ दी हैं। सीएम भजनलाल : भरतपुर के सभी 7 निकायों में बीजेपी जीती, कांग्रेस का खाता नहीं खुला सीएम भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर के सभी 7 निकायों में बीजेपी के अध्यक्ष जीते हैं। भरतपुर नगर निगम में मेयर और जिले की छह नगरपालिकाओं में अध्यक्ष पद पर बीजेपी उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। जिले में कांग्रेस का एक भी पालिका में अध्यक्ष नहीं बना है। भरतपुर नगर निगम सहित जिले की नगरपालिकाओं में निर्दलीयों का बोलबाला था, लेकिन अध्यक्ष के चुनाव में बीजेपी ने बाजी मारी है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ : पाली के सभी 10 निकायों में बीजेपी जीती बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के गृह क्षेत्र पाली की नगर निगम में बहुमत नहीं होने के बावजूद बीजेपी मेयर बनाने में कामयाब रही। पाली जिले में पाली नगर निगम के अलावा 9 नगर पालिकाएं हैं, सभी नगरपलिकाओं में बीजेपी के अध्यक्ष बने हैं। डोटासरा : लक्ष्मणगढ़ में कांग्रेस का बोर्ड कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ में कांग्रेस का बोर्ड बना है। लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका में कांग्रेस के संजीव कुमार अध्यक्ष का चुनाव जीते हैं। डोटासरा के गृह जिले सीकर की बात करें तो 13 निकायों में से 8 में कांग्रेस के निकाय प्रमुख जीते हैं। सीकर नगर परिषद में कांग्रेस फिर से सभापति बनाने में कामयाब रही है। नेता प्रतिपक्ष जूली : मालाखेड़ा नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के विधानसभा क्षेत्र अलवर ग्रामीण में आने वाली मालाखेड़ा नगरपालिका में कांग्रेस का अध्यक्ष बना है। अलवर जिले में मालाखेड़ा, कठूमर और थानागाजी नगरपालिकाओं में कांग्रेस का बोर्ड बना है। वसुंधरा राजे : झालरापाटन में भाजपा, झालावाड़ में कांग्रेस वसुंधरा राजे के पुत्र सांसद दुष्यंत सिंह के इलाके झालवाड़ की नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बना है। वहीं वसुंधरा राजे के क्षेत्र झालरापाटन में बीजेपी का बोर्ड बना है। झालरापाटन नगर परिषद में कांग्रेस के राजेश गुर्जर सभापति जीते हैं। झालरापाटन नगरपालिका में बीजेपी के अंशु गुप्ता अध्यक्ष का चुनाव जीते हैं। झालावाड़ जिले के आठ निकायों में कांग्रेस और बीजेपी के बराबर 4-4 निकाय प्रमुख जीते हैं। झालावाड़ की अकलेरा, झालरापाटन मनोहर थाना और पिड़ावा नगर पालिका में बीजेपी के अध्यक्ष जीते हैं। जबकि झालावाड़, भवानी मंडी डब और खानपुर में कांग्रेस के नगर पालिका अध्यक्ष जीतने में कामयाब हुए हैं। भूपेंद्र यादव : अलवर जिले की 12 में से 9 निकायों में बीजेपी जीती केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव के संसदीय क्षेत्र अलवर में 12 शहरी निकाय हैं, जिनमें से अलवर नगर निगम सहित 9 शहरी निकायों में बीजेपी के निकाय प्रमुख बने हैं। डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा : दूदू-फागी में बीजेपी हारी डिप्टी सीएम प्रेम चंद्र बैरवा के क्षेत्र दूदू में आने वाली दोनों नगरपालिकाओं में बीजेपी हार गई है। दोनों नगरपालिकाओं में बीजेपी नगरपालिका अध्यक्ष नहीं बना पाई। दूदू में कांग्रेस की गरिमा कंवर नगरपालिका अध्यक्ष बनी हैं, जबकि फागी में कांग्रेस के सुरेश नगरपालिका अध्यक्ष बने हैं। सचिन पायलट : टोंक की नगरपरिषद में कांग्रेस, 9 नगरपालिकाओं में बीजेपी जीती कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट के निर्वाचन क्षेत्र टोंक नगर परिषद में कांग्रेस का सभापति जीता है। यहां कांग्रेस के मयंक गोयल सभापति का चुनाव जीते हैं। टोंक जिले में टोंक नगर परिषद को छोड़कर 9 नगरपालिकाओं में कहीं भी कांग्रेस नहीं जीती है। सभी 9 नगरपालिकाओं में बीजेपी के अध्यक्ष बने हैं। डॉ किरोड़ीलाल मीणा : बीजेपी ने जीत हासिल की कृषि मंत्री डॉ किरोड़ीलाल मीणा के निर्वाचन क्षेत्र सवाईमाधोपुर की नगर परिषद में बीजेपी का सभापति जीता है। सवाईमाधोपुर नगर परिषद में बीजेपी की मेवा चौधरी सभापति का चुनाव जीती हैं। सवाईमाधोपुर जिले में 6 निकायों में से 4 में बीजेपी और 2 में कांग्रेस के बोर्ड बने हैं। झाबर सिंह खर्रा : श्रीमाधोपुर नगरपालिका में बीजेपी जीती यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के क्षेत्र श्रीमाधोपुर की नगरपालिका में बीजेपी का अध्यक्ष बना है। श्रीमाधोपुर नगरपालिका में बीजेपी की शांति अध्यक्ष का चुनाव जीती हैं। गृह राज्य मंत्री बेढ़म : सभी 6 नगरपालिकाओं में बीजेपी के अध्यक्ष बने गृह राज्य मंत्री के जिले डीग की सभी 6 नगरपालिकाओं में बीजेपी के अध्यक्ष बने हैं। बेढ़म के निर्वाचन क्षेत्र ब्रजनगर सहित जिले की सभी निकायों में बीजेपी अध्यक्ष बनाने में कामयाब रही है। यहां वार्डों के नतीजों में निर्दलीयों का बोलबाला था। हनुमान बेनीवाल : आरएलपी का एक बोर्ड नागौर से आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी का मूंडवा नगरपालिका में अध्यक्ष बना है। मूंडवा नगरपालिका में आरएलपी उम्मीदवार अलका अध्यक्ष चुनाव जीती हैं। आरएलपी का पूरे प्रदेश में एकमात्र अध्यक्ष बना है। …. निकाय चुनाव की ये खबर भी पढ़िए… साम, दाम, दंड, भेद से भाजपा ने पलटा पूरा खेल:कांग्रेस के बिखराव को भांपा, 5 रणनीति से दिया करारा जवाब, स्ट्राइक रेट 65% चाणक्य ने हजारों साल पहले अर्थशास्त्र में लिख दिया था- राज चाहिए तो साम, दाम, दंड, भेद चारों आजमाने पड़ेंगे। राजस्थान के निकाय चुनाव में भाजपा ने इस सूत्र को हूबहू जी लिया। पूरी खबर पढ़िए…

