मानसून सीजन खत्म होने में सिर्फ 9 दिन बाकी हैं, लेकिन मप्र में बारिश अभी सामान्य स्तर तक नहीं पहुंची है। 21 सितंबर तक प्रदेश में 865.8 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 922.6 मिमी है। यानी प्रदेश में बारिश 6% कम है। 55 में से 36 जिलों में अब तक सामान्य बारिश पूरी नहीं हुई। इनमें 11 जिले ऐसे हैं, जहां कमी 16 से 49% तक है। सबसे ज्यादा कमी अलीराजपुर में 49%, नर्मदापुरम में 34%, रतलाम में 33%, झाबुआ में 32% और हरदा में 31% है। कम बारिश वाले जिलों में पश्चिमी मप्र की हिस्सेदारी अधिक है। इंदौर 24% और छिंदवाड़ा 23% पीछे हैं। मौसम विभाग ने मानसून की इस बेरुखी को अलनीनो असर बताया। इसके उलट, भोपाल में 928.2 मिमी बारिश होनी थी लेकिन 1063.3 मिमी बारिश हुई है। सुखद यह है कि 12% अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई। भोपाल में बड़ा तालाब फुल होने के बाद भदभदा और कलियासोत के गेट 5-5 बार खोले जा चुके हैं। 3 दिन बाद नया सिस्टम, पूरे प्रदेश में बारिश संभव
मौसम केंद्र के अनुसार, 3 दिन बाद सक्रिय होने वाला संभावित आखिरी दौर कमी वाले जिलों के लिए अहम रहेगा। भोपाल समेत प्रदेशभर में तेज बारिश होने की संभावना है। असर क्या… जलाशयों में पिछले साल से 21% कम पानी, खरीफ में उत्पादन घटने की आशंका

