कानपुर के बढ़वा मंगल को लेकर पनकी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को महापौर प्रमिला पांडेय पनकी मंदिर पहुंचीं। उन्होंने सबसे पहले पंचमुखी हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद मंदिर परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई समेत श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महापौर ने मंदिर परिसर के अलग-अलग हिस्सों का निरीक्षण करते हुए वहां सफाई व्यवस्था देखी। उन्होंने मौके पर तैनात नगर निगम कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था लगातार दुरुस्त रखी जाए। किसी भी स्थान पर गंदगी दिखाई नहीं देनी चाहिए। मेयर बोलीं- दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को परेशानी न हो
बढ़वा मंगल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना को देखते हुए सफाई कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती और नियमित सफाई कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा- मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। भीड़ बढ़ने के दौरान भी साफ-सफाई, पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुचारु रहनी चाहिए। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने भीड़ के दौरान प्रवेश और निकास व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुरक्षा इंतजामों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि बढ़वा मंगल के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पहले से पूरे कर लिए जाएं। महापौर के निरीक्षण के दौरान नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उन्हें मंदिर परिसर में बढ़वा मंगल को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी।

