केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने बिहार के जमुई जिले में एक किशोर और एक लड़की के साथ ग्रामीणों द्वारा कथित तौर पर किए गए उत्पीड़न की घटना के संदर्भ में कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त है और महिलाएं किसी भी समय घर से बाहर निकल सकती हैं। जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) के नेता सिंह ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था का आकलन किसी एक घटना के आधार पर नहीं किया जा सकता। जदयू बिहार में सत्तारूढ़ गठबंधन का प्रमुख घटक है।
जमुई जिले में पुलिस ने सोमवार को सड़क किनारे एक लड़के और लड़की के कथित उत्पीड़न के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद व्यापक आक्रोश देखने को मिला। कोलकाता के पास न्यू टाउन में एक समीक्षा बैठक से इतर केंद्रीय पंचायती राज और मत्स्य पालन मंत्री सिंह ने कहा, ‘‘बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त है।
अगर कोई घटना होती है, तो पुलिस उस पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस मुद्दे पर सवाल उठाने वाले राहुल गांधी जैसे लोगों को अपने सहयोगी राजद से इस बारे में पूछना चाहिए।’’
सिंह ने दावा किया कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 15 वर्ष के शासन के दौरान सूर्यास्त के बाद कोई महिला बाहर निकलने की हिम्मत नहीं करती थी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में इस घटना को बेहद परेशान करने वाला बताया। गांधी ने कहा, यह संस्कृति नहीं, पितृसत्ता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी सोच को सामान्य बनाने के लिए अंधभक्त जिम्मेदार हैं। पीटीआई संबंधित वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी।

