बाराबंकी में गांधी भवन में सामाजिक सेवा, जनसरोकार के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय वयोवृद्ध सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता अमीर हैदर और एवं सोशल एक्टिविस्ट हशमत उल्लाह का नागरिक अभिनंदन किया गया। गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट एवं सेवा सोसायटी की ओर से आयोजित समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय सचिव अरविंद कुमार सिंह गोप ने दोनों को शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि गोप ने कहा कि समाज के लिए निस्वार्थ भाव से जीवन समर्पित करने वाली शख्सियतों का सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। अमीर हैदर और हशमत उल्लाह ने अपने-अपने क्षेत्रों में जनसरोकारों को मजबूती से उठाते हुए कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज को बुलंद किया है। ऐसे लोग समाज की धरोहर होते हैं और उनके कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल बनते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ गांधीवादी राजनाथ शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि सम्मान पद या प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि कर्म और समर्पण का होना चाहिए। दोनों सम्मानित व्यक्तियों ने लंबे समय तक जनहित से जुड़े मुद्दों को आवाज दी है। अमीर हैदर ने कहा कि जनता से जुड़े सामाजिक सरोकारों के लिए काम करना उनके जीवन का उद्देश्य रहा है। वहीं हशमत उल्लाह ने कहा कि पत्रकारिता उनके लिए केवल पेशा नहीं, बल्कि कमजोर और वंचित लोगों की आवाज बनने का माध्यम है। आयोजक समिति की ओर से मुख्य अतिथि गोप को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। संचालन फजल इनाम मदनी ने किया। सेवा सोसायती के सचिव अनवर महबूब किदवाई ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सेवा सोसायती अध्यक्ष मो. उमैर किदवाई, पूर्व मंत्री एवं रामनगर विधायक हाजी फरीद महफूज किदवाई, सदर विधायक सुरेश यादव और पूर्व एमएलसी राजेश यादव ‘राजू’ ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष रमन लाल द्विवेदी, उपाध्यक्ष दिलीप गुप्ता, महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

