जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग में सोमवार सुबह सात फीट लंबा सांप घुस गया। सांप को देखते ही क्लास रूम में अफरा-तफरी मच गई। छात्र और प्रोफेसर कमरे से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे मौके पर पहुंचे और सांप का रेस्क्यू कर उसे बरगी के जंगल में छोड़ दिया। क्लास में सांप दिखते ही मचा हड़कंप जानकारी के मुताबिक, रोज की तरह सोमवार को एनाटॉमी विभाग में क्लास चल रही थी। कमरा छात्रों से भरा हुआ था। इसी दौरान एक छात्र की नजर क्लास रूम में प्रवेश कर रहे सांप पर पड़ी। उसने शोर मचाकर अन्य छात्रों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद कमरे में हंगामा मच गया। प्रोफेसर ने सर्प विशेषज्ञ को दी सूचना छात्रों ने प्रोफेसर डॉ. सुनील अग्रवाल को सांप के बारे में बताया। इसके बाद सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे को फोन किया गया। सूचना मिलने पर पहुंचे दुबे ने सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू किया और उसे बरगी के जंगल में छोड़ दिया। धामन प्रजाति का था सांप सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे ने बताया कि पकड़ा गया सांप धामन प्रजाति का था। इसे रैट स्नेक भी कहा जाता है। इसके अन्य नाम घोड़ा पछाड़ और अषाढ़िया हैं। उन्होंने बताया कि धामन सांप चूहों को खाता है। दुबे के मुताबिक, धामन जहरीला नहीं होता और यह बेहद शर्मीला सांप है। जब तक इसे छेड़ा न जाए, तब तक यह आमतौर पर किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता। सांप के रेस्क्यू के बाद छात्रों और प्रोफेसरों ने राहत की सांस ली।

