नोएडा में साइबर ठगों ने ठगी के नए-नए तरीकों से चार लोगों को निशाना बनाया। कंपनी का सीईओ की फोटो लगाकर वॉट्सऐप पर गिफ्ट वाउचर खरीदने को कहा तो किसी को शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा दिया, बैंक खातों से रकम उड़ाने और ऑनलाइन धमकी देकर पैसे ऐंठने के मामलों में कुल 45 लाख रुपये की ठगी की गई। सभी पीड़ितों की शिकायत पर शनिवार को साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सीईओ की फोटो लगाकर ठगी
सेक्टर-100 स्थित लोटस एस्पेशिया निवासी 47 साल के अनुभव गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 2 अगस्त की शाम करीब 7:45 बजे उन्हें अमेरिकी नंबर से वॉट्सऐप मैसेज और मिस्ड कॉल आया। सामने वाले ने उनकी कंपनी के सीईओ की फोटो लगा रखी थी। आरोपी ने खुद को सीईओ बताते हुए एक क्लाइंट के लिए अमेजन से स्टीम वॉलेट रिचार्ज वाउचर खरीदने को कहा। विश्वास में आकर अनुभव ने 2500 रुपये के वाउचर 10-10 के बैच में खरीदने शुरू किए। उन्होंने कुल 20 ट्रांजैक्शन में पांच लाख रुपये के वाउचर खरीद लिए। वाउचर भेजने के लिए आरोपियों ने ईमेल किया। जब आरोपी और वाउचर खरीदने का दबाव बनाने लगा तो पीड़ित को ठगी का शक हुआ। निवेश और डर के नाम पर ठगी
सेक्टर-23 निवासी 70 साल के महेश नारायण सक्सेना को शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर पांच 20 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। पीड़ित से वॉट्सऐप पर निशा वर्मा नाम की महिला ने उनसे संपर्क किया और एचडीएफसी सिक्योरिटीज में डीमैट अकाउंट खुलवाने बातकर रुपये ठग लिए। तीसरे मामले में कैलाश चंद्र गर्ग के बैंक खातों से सात लाख 26 हजार 990 रुपये की साइबर धोखाधड़ी की शिकायत की गई है। उनकी बेटी अंजना टोमचुक ने पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस को शिकायत दी है। 9 से 14 अप्रैल के बीच हुई धोखाधड़ी का जिक्र है। सेक्टर-6 निवासी मोहित मिश्रा ने 27 लाख 53 हजार 683 रुपये की ऑनलाइन ठगी की शिकायत की है। पीड़ित के मुताबिक ठगों ने ऑनलाइन धमकी या नुकसान पहुंचाने का डर दिखाकर उनसे रकम ले ली।

