इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से रविवार को जस्टिस मोर्चा की जेन-जी कनेक्ट यात्रा फाफामऊ पहुंची। यात्रा के 32वें दिन यूनियन हॉल से शुरू होकर कर्नलगंज, यूनिवर्सिटी चौराहा, साइंस फैकल्टी, मनमोहन पार्क, कचहरी, बेली रोड, मम्फोर्डगंज और तेलियरगंज होते हुए फाफामऊ तक पहुंची। रास्ते में युवाओं और छात्रों से संवाद किया गया। पत्थर गिरजाघर पर चल रहे TGT-PGT भर्ती आंदोलन में शामिल हुए यात्रा के दौरान पत्थर गिरजाघर पहुंचकर जून से चल रहे TGT-PGT भर्ती आंदोलन में यात्रा के साथियों ने हिस्सा लिया। अभ्यर्थी भर्ती में पुरानी नियमावली लागू करने की मांग कर रहे हैं। 5 सितंबर से आमरण अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों से भी मुलाकात की गई। यात्रा के सदस्यों ने आंदोलन को समर्थन देते हुए अनशनरत अभ्यर्थियों का हौसला बढ़ाया। कोचिंग संस्थानों में छात्रों से किया संवाद इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से फाफामऊ के बीच अलग-अलग कोचिंग संस्थानों में छात्रों से मुलाकात की गई। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, समय पर परीक्षाएं और रोजगार के अवसर जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। छात्रों को जेन-जी कनेक्ट यात्रा की मांगों की जानकारी दी गई और 2 अक्टूबर को लखनऊ में होने वाले समापन कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। 20 अगस्त को गोरखपुर से शुरू हुई थी यात्रा जेन-जी कनेक्ट यात्रा की शुरुआत 20 अगस्त को गोरखपुर के चौरी-चौरा से हुई थी। 45 दिनों की यह यात्रा पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से होकर गुजर रही है। यात्रा के दौरान छात्रों, युवाओं और आम लोगों से शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और समान अवसर जैसे मुद्दों पर संवाद किया जा रहा है। 2 अक्टूबर को लखनऊ में यात्रा का समापन होगा।

