धमतरी शहर के विवेकानंद वार्ड गली नंबर-3 स्थित अटल आवास में छत का सीलिंग अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में घर के अंदर मौजूद एक युवक घायल हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद अटल आवास में हड़कंप मच गया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायल रोशन कुमार टंडन ने बताया कि वह घर में पंखा चालू करने के लिए बिजली बोर्ड के पास पहुंचे थे। इसी दौरान छत का पूरा सीलिंग अचानक नीचे गिर गया। मलबे की चपेट में आने से उनके पैर, हाथ और सिर में चोट लगी है। बिजली बोर्ड के पास पहुंचा था युवक, तभी गिरा सीलिंग उन्होंने बताया कि हादसे के समय वह घर में अकेले थे, जबकि बच्चे बाहर खेल रहे थे। घटना के बाद पार्षद को सूचना दी गई। उनके मुताबिक, पार्षद मौके पर पहुंचीं और कुछ देर बाद वहां से चली गईं। 30 साल से रह रहे करीब 100 परिवार अटल आवास विवेकानंद वार्ड में करीब 100 परिवार पिछले 30 साल से रह रहे हैं। रहवासियों का कहना है कि ज्यादातर मकानों की हालत खराब हो चुकी है और वे जान जोखिम में डालकर रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर मकानों के कारण आए दिन किसी न किसी तरह की समस्या बनी रहती है। उन्हें डर है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित हैं। सरकार से नए मकानों के निर्माण की मांग अटल आवास विवेकानंद वार्ड के अध्यक्ष राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि रोशन कुमार टंडन के घर हुए हादसे में युवक बाल-बाल बच गया, लेकिन उसे चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि यहां करीब 100 परिवार रह रहे हैं और उनकी मांग है कि सरकार मकानों के निर्माण और हालत सुधारने पर ध्यान दे। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की अपील की, ताकि इन परिवारों को सुरक्षित आवास मिल सके। रहवासियों का कहना है कि यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं और जर्जर मकानों के बीच रहने वाले परिवारों के सामने हमेशा जान का खतरा बना रहता है।

