जौनपुर में बक्शा थाना क्षेत्र में 41 लाख रुपए की लूट के मामले का पुलिस ने रविवार शाम खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, वाराणसी से जौनपुर आए एक युवक से वकील और उसके साथी ने 41 लाख रुपए की नकदी लूट ली थी। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी वकील अभिनव सिंह उर्फ चंदन को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 35 लाख रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल वैगनआर कार बरामद की गई है। भाई की जमानत कराने वाराणसी आया था युवक राजस्थान के बीकानेर निवासी जयपाल शर्मा (25) अपने छोटे भाई की जमानत कराने वाराणसी आए थे। जमानत की कार्रवाई के लिए उन्होंने वकील अभिनव सिंह से संपर्क किया। जयपाल के मुताबिक, अभिनव ने खुद को इलाहाबाद हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने वाला वकील बताया था। 5 सितंबर को वाराणसी सेशन कोर्ट में जमानत की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जयपाल को जमानतदारों, वकील की फीस और जमीन के सिलसिले में परिचितों से मिलने जौनपुर जाना था। दो जगह से 41 लाख रुपए लेकर बैग में रखे पुलिस के अनुसार, अभिनव सिंह जयपाल को अपनी वैगनआर कारसे जौनपुर लेकर गया। पॉलिटेक्निक चौराहे के पास उतरने के बाद जयपाल ने हनुमान घाट और सद्भावना ब्रिज के पास दो परिचित ज्वेलरी कारोबारियों से 22 लाख और 19 लाख रुपए लिए। कुल 41 लाख रुपए जयपाल ने अपने काले बैग में रख लिए। बैग में आधार कार्ड, फोटो, ब्लूटूथ डिवाइस, चार्जर और करीब 10 से 12 हजार रुपए पहले से रखे थे। इसी दौरान अभिनव का साथी उपदेश पाठक भी सद्भावना ब्रिज के पास कार में आ गया। हाईवे पर रास्ता बदलकर मोबाइल छीना शिकायत के मुताबिक, जौनपुर से निकलने के बाद आरोपियों ने वाराणसी हाईवे पर कार को यू-टर्न लेकर दूसरे रास्ते पर मोड़ दिया। आरोप है कि इसी दौरान जयपाल का मोबाइल छीन लिया गया। बक्शा चौकी के पास जयपाल ने विरोध किया और कार से भागने की कोशिश की तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसे डराने के लिए करीब 20 से 30 किलोमीटर तक इधर-उधर घुमाते रहे। इस दौरान पिस्टल के साथ किसी व्यक्ति को बुलाने की धमकी देकर उसे डराया गया। टोल प्लाजा से पहले बैग छीनकर सड़क पर उतारा आरोप है कि वाराणसी मार्ग पर टोल प्लाजा से कुछ पहले आरोपियों ने जयपाल से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद उसे धक्का देकर कार से उतार दिया और धमकी देते हुए फरार हो गए। जयपाल किसी तरह रोडवेज बस से वाराणसी पहुंचा। डीआईजी से शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस जयपाल ने 16 सितंबर को डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के सामने लिखित शिकायत दी। उसने बताया कि उसके पास अभिनव सिंह से हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी है, जिसमें आरोपी द्वारा रुपए लेने की बात स्वीकार करने का दावा किया गया है। डीआईजी ने 18 सितंबर को जौनपुर के एसपी को मामले में 24 घंटे के अंदर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एएसपी और बक्शा थानाध्यक्ष को जांच के निर्देश दिए गए। जांच में शिकायत के तथ्य सही पाए जाने के बाद 20 सितंबर की रात 12:07 बजे बक्शा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। 35 लाख रुपए और कार बरामद सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने रविवार शाम 7 बजे पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, टीम ने घटनास्थल और जौनपुर टोल प्लाजा के आसपास जांच की। टोल प्लाजा कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। इसके बाद श्री नारायण सिंह इंटर कॉलेज, सराय हरखू के पास से अभिनव सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 35 लाख रुपए नकद और जयपाल का अन्य सामान बरामद किया गया। वारदात में इस्तेमाल वैगनआर कार भी पुलिस ने कब्जे में ली है। 6 लाख रुपए खर्च करने की बात कही पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लूट की रकम में से 6 लाख रुपए वह अपने निजी कामों में खर्च कर चुका है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिनव सिंह उर्फ चंदन (29) पुत्र गिरजाशंकर सिंह, निवासी जमऊपट्टी, थाना सिंगरामऊ, जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मुकदमा अपराध संख्या 477/2026 की धारा 309(6) और 317(2) बीएनएस में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में उपदेश पाठक और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस टीम को 50 हजार रुपए का इनाम पुलिस के अनुसार, मामले के खुलासे में शामिल टीम के लिए डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने 50 हजार रुपए के नकद इनाम की घोषणा की है। एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह और एएसपी गोल्डी गुप्ता को कार्रवाई के लिए प्रशस्ति पत्र दिए जाने की भी जानकारी दी गई है।

