यूपी दिनभर,15 बड़ी खबरें:योगी बोले- छेड़खानी मतलब डेथ वारंट, भाभी से मजाक पर देवर की हत्या, चंद्रशेखर को गोली देने वाली लड़कियों पर FIR

यूपी दिनभर,15 बड़ी खबरें:योगी बोले- छेड़खानी मतलब डेथ वारंट, भाभी से मजाक पर देवर की हत्या, चंद्रशेखर को गोली देने वाली लड़कियों पर FIR

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर सीएम योगी के लड़कियों की सुरक्षा को लेकर दिए बयान पर है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर नक्सली कमांडर के एनकाउंटर से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1. योगी बोले- बेटियों को छेड़ने वाला अपना मृत्युदंड खुद साइन करता है सीएम योगी ने लखनऊ में कहा-आज कोई किसी बेटी को छेड़ने का दुस्साहस नहीं कर सकता। अगर करेगा तो अंजाम वह जानता है। अगर नहीं जानता है तो मुझे लगता है कि वह अपने डेथ वारंट (मृत्युदंड) पर खुद साइन कर रहा है। वहीं, शाम को योगी ग्रेटर नोएडा पहुंचे। यहां उन्होंने कहा- हामिद अंसारी ने हिंदू परंपरा को आतंकवाद से जोड़ा। उनका बयान सचमुच डरावना है। पूरी खबर पढ़िए 2. यूपी ATS ने 30 लाख का इनामी नक्सली ढेर किया, 8 साल से NIA को तलाश थी यूपी ATS ने वाराणसी में कुख्यात नक्सली बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह को मार गिराया है। उस पर 30 लाख रुपए का इनाम था। वह झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) का कमांडर था। 8 साल पहले NIA ने टेरर फंडिंग केस में उसे वांटेड घोषित किया था। मुठभेड़ रविवार सुबह 4 बजे रामनगर थाना क्षेत्र में हुई। बृजेश गंझू (46) झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र का रहने वाला था। पूरी खबर पढ़िए 3. UGC के विरोध में 200 ट्रैक्टर लेकर उतरे प्रदर्शनकारी, यमुना एक्सप्रेस-वे जाम किया आगरा में रविवार को UGC के विरोध में सवर्ण समाज के करीब 1500 युवक 200 ट्रैक्टरों के साथ सड़क पर उतर आए। उन्होंने आगरा-नोएडा यमुना एक्सप्रेस-वे पर जाम लगा दिया। युवक कलेक्ट्रेट का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस और PAC ने बुलडोजर, जेसीबी और हाइड्रा लगाकर रास्ता ब्लॉक कर उन्हें रोक दिया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। कहीं-कहीं पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को लाठी लेकर खदेड़ा। पूरी खबर पढ़िए 4. मायावती फिर पलटीं, बोलीं- भतीजी को पार्टी नहीं सौंपूंगी, ईशान को आगे बढ़ाऊंगी बसपा सुप्रीमो मायावती के परिवार में सियासी कलह बढ़ती जा रही है। वह फिर अपने बयान से पलट गई हैं। अब भतीजी दीपिका आनंद को भी पार्टी की जिम्मेदारी सौंपने से इनकार कर दिया है। साथ ही आकाश के छोटे भाई ईशान को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। मायावती ने X पर लिखा- भतीजी का शादी के बाद मामला भी अगर आकाश आनंद की तरह ही निकला तो यह पार्टी हित में सही नहीं होगा। पूरी खबर पढ़िए 5. सांसद चंद्रशेखर आजाद को गाली देने वाली युवतियों पर FIR, कहा था- सुधर जाओ सांसद चंद्रशेखर आजाद को गाली देने वाली गोंडा की 2 लड़कियों पर FIR हुई है। आरोप है कि 17 सितंबर को सांसद का गोंडा दौरा रद्द होने के बाद पल्लवी शुक्ला और काजल सिंह ने वीडियो जारी कर अभद्र टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि गोंडा क्यों नहीं आए। डर गए क्या, सुधर जाओ। दम है तो गोंडा आकर दिखाओ। हम पर कई मुकदमे दर्ज हैं। एक FIR और हो जाए तो कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हम लोग मुकदमे से डरते नहीं हैं। पूरी खबर पढ़िए अब 8 अहम खबरें… 6. दरोगा की वकील पत्नी फंदे पर लटकी मिली, प्रयागराज में 10 महीने पहले लव मैरिज की प्रयागराज में दरोगा की पत्नी का शव फ्लैट में फंदे से लटका मिला। वह हाईकोर्ट में वकील थी। दरोगा के मुताबिक, शनिवार को दोनों में झगड़ा हुआ। रात 8 बजे पत्नी कमरे में चली गईं और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। थोड़ी देर बाद पारिवारिक मित्र ने फोन कर बताया कि कंचन ने मैसेज किया है कि वह सुसाइड करने जा रही हैं। 33 साल की कंचन सिंह ने 10 महीने पहले दरोगा जितेंद्र सिंह से लव मैरिज की थी। घटना धूमनगंज के पारस ग्रीन अपार्टमेंट की है। पूरी खबर पढ़िए 7. लखनऊ में पुलिस अधिकारी बनकर कारोबारी का अपहरण, 6 आरोपी गिरफ्तार लखनऊ के कृष्णानगर में पुलिस अधिकारी बनकर कारोबारी का अपहरण कर फिरौती वसूलने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित को फर्जी पुलिस आईडी कार्ड दिखाकर जबरन कार में बैठाया था। असलहे से डराने-धमकाने के बाद उसकी पत्नी को फोन कर फिरौती मांगी। बाद में ड्राइवर के जरिए 13 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर लेकर पीड़ित को शहीद पथ के पास छोड़ दिया था। पूरी खबर पढ़िए 8. प्रयागराज में बेटे की मौत की खबर सुन पिता को हार्टअटैक, बेटी का रो-रोकर बुरा हाल प्रयागराज में 28 साल के युवक की कार की टक्कर से मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर जैसे ही 52 साल के पिता को हुई तो उनकी चीख निकल गई। वह बिस्तर से उठे और फिर सीना पकड़कर जमीन पर गिर पड़े। घरवालों ने उन्हें होश में लाने के लिए पानी के छींटें मुंह पर मारे। होश में न आने पर उन्हें निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना थाना सोरांव की है। पूरी खबर पढ़िए 9. ‘राहुल गांधी की दिशा साफ नहीं’, बृजभूषण बोले- छोटा आदमी कहूंगा तो बुरा लगेगा गोंडा में पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह ने राहुल गांधी के मंच से पीएम मोदी की मां पर की गई टिप्पणी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा- राहुल की दिशा साफ नहीं है। अब उनको हम क्या नाम दें। मैं उनको छोटा आदमी कहूंगा तो बुरा लगेगा, लेकिन समझ नहीं है उनको। समस्या उठाना आसान बात है, लेकिन उसका समाधान करना बड़ी बात है। शनिवार को राहुल के इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पीएम की मां पर अभद्र टिप्पणी की गई थी। पूरी खबर पढ़िए 10. होमगार्ड परीक्षा में दौड़ते-दौड़ते युवक की मौत, बरेली में पत्नी बोली- सरकारी नौकरी चाहते थे बरेली के शिवम यादव (27) 18 सितंबर को होमगार्ड भर्ती के फिजिकल टेस्ट में दौड़ते-दौड़ते मैदान में गिर गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पत्नी कोमल यादव ने रोते हुए कहा कि पति B.Tech, B.Ed, CTET और UP-TET पास थे। कोचिंग चलाकर अच्छा पैसा कमा लेते थे, लेकिन मन सरकारी नौकरी करने का था। 17 सितंबर को बर्थडे मनाने के बाद मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती की दौड़ में शामिल होने गए थे। पूरी खबर पढ़िए 11. सपा सांसद पप्पू निषाद पर FIR, युवक पर गाड़ी चढ़ाने और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप संतकबीरनगर में सपा सांसद पप्पू निषाद और उनके समर्थकों पर FIR दर्ज की गई है। 18 सितंबर की रात गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान DJ को लेकर विवाद हो गया था। पुलिस ने डीजे का फोटो लेने और उसे थाने ले जाने की कार्रवाई की। इसके बाद जुलूस में शामिल लोग नाराज होकर सड़क पर बैठ गए। इसी दौरान सांसद का काफिला वहां से गुजरा और विवाद बढ़ गया। पढ़िए पूरी खबर 12. पत्नी से हंसी-मजाक करने पर भाई को मार डाला, अफेयर का शक था गोरखपुर में B.Sc. छात्र की हत्या उसके ही चचेरे भाई ने की थी। वजह थी- पत्नी से हंसी-मजाक और अफेयर का शक। आरोपी संतोष मिश्रा ने 17 सितंबर यानी गुरुवार को अपने चचेरे भाई कार्तिकेय उर्फ शुभम (19) की घर के अंदर सोते समय हत्या कर दी थी। वह BSc फर्स्ट ईयर में पढ़ रहा था। शक के आधार पर पुलिस ने संतोष को शनिवार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूरी खबर पढ़िए 13. झांसी में बेकाबू ट्रैक्टर का दिलदहलाने वाला VIDEO, युवक को 50 मीटर घसीटा झांसी में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क किनारे सवारी बैठाने के लिए रुकी ऑटो को उड़ा दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो ने 3 पलटी खाई। फिर भी ट्रैक्टर चालक ने ब्रेक नहीं लगाए। वो एक सवारी को लगभग 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। उसके ऊपर से पूरा ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर गया। इसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा 14 सितंबर को झांसी-कानपुर हाईवे पर हुआ। सीसीटीवी आज सामने आया। घटना चिरगांव थाना क्षेत्र की है। पूरी खबर पढ़िए खबर जो हटकर है… 14. बछिया को बेटी मानकर बरही मनाई, लोगों को भोज कराया श्रावस्ती में कई सालों तक मन्नतें मांगने के बाद भी जब बेटी नहीं हुई, तो परिवार गाय की बछिया को ही अपनी बेटी मान लिया। उसका नाम ‘लक्ष्मी’ रखा। शनिवार रात बछिया की छठी और बरही की रस्म बड़े ही धूमधाम से मनाई। गांव के करीब 45 से 50 परिवारों के लोगों को न्योता दिया। 200 से 250 लोगों को भोज कराया। पूरी खबर पढ़िए कल क्या रहेगा खास… 15. नितिन नवीन 2 दिन के पश्चिम यूपी दौरे पर आएंगे
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 21 और 22 सितंबर को पश्चिम यूपी के दौरे पर रहेंगे। 21 सितंबर को मेरठ पहुंचेंगे। 4 बैठकें करेंगे। रात्रि प्रवास के बाद अगले दिन 22 सितंबर को सहारनपुर में 2 बैठकें करेंगे। सीएम योगी, यूपी BJP अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मेरठ में रहेंगे। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *