आजमगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में रविवार को आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने अभियान के तहत जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विशेष नाट्य मंचनों के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को प्रस्तुत किया जाएगा। इन नाट्य प्रस्तुतियों में राष्ट्र सेवा के प्रति प्रधानमंत्री के समर्पण, जनकल्याण के प्रयासों और सुशासन के माध्यम से हुए विभिन्न बदलावों से जुड़े प्रसंगों को जीवंत और भावनात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। होंगे अनेक कार्यक्रम किया जाएगा संवाद
जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेशभर में इस अभियान के अंतर्गत नाट्य मंचनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना तथा जनता को कार्यक्रमों से जोड़ना है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। इस दौरान ऋषिकेश दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

