देश के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की तैयारी पूरी:₹5,500 करोड़ के निवेश का रोडमैप तैयार, बनेगा एशिया का सबसे बड़ा ‘प्लग एंड प्ले’ टेलीकॉम हब

देश के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की तैयारी पूरी:₹5,500 करोड़ के निवेश का रोडमैप तैयार, बनेगा एशिया का सबसे बड़ा ‘प्लग एंड प्ले’ टेलीकॉम हब

​ग्वालियर-चंबल अंचल के औद्योगिक परिदृश्य को बदलने के लिए एक ऐतिहासिक पहल आकार ले रही है। श्रीमंत माधवराव सिंधिया काउंटर मैग्नेट सिटी (साडा/SADA) में एशिया का सबसे बड़ा और देश का पहला ‘टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन’ (TMZ) स्थापित होने जा रहा है। प्रोजेक्ट की जमीनी तैयारियों का जायजा लेने रविवार को दो दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर पहुंचे केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने साडा क्षेत्र में अधिकारियों और उद्योग विभाग (MPIDC) की टीम के साथ सिलसिलेवार समीक्षा बैठक की और विस्तृत प्रेजेंटेशन देखा। ​निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने स्पष्ट किया कि दिल्ली और मुंबई में आयोजित रोड शो की अभूतपूर्व सफलता के बाद अब अंतिम चरण का रोड शो (मंगलुरु) पूरा होते ही भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके तुरंत बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया सभी निवेशक कंपनियों के प्रमुखों के साथ ग्वालियर में भव्य भूमि पूजन करेंगे।
​ग्वालियर के लिए क्यों खास है यह प्रोजेक्ट? ​₹5,500 करोड़ का शुरुआती निवेश प्रस्ताव: दिल्ली और मुंबई में आयोजित रोड शो के जरिए अब तक देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों से 5,500 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। ​15 से 18 हजार प्रत्यक्ष नौकरियां: इस मैन्युफैक्चरिंग जोन के पूरी तरह शुरू होने पर 15,000 से 18,000 युवाओं को सीधे तौर पर तकनीकी और औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार मिलेगा।
​80 से 90 हजार अप्रत्यक्ष रोजगार: औद्योगिक विश्लेषण के अनुसार, किसी बड़ी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के आने पर 1:6 से 1:7 के अनुपात में अप्रत्यक्ष अवसर बनते हैं। इससे ट्रांसपोर्टेशन, सिक्योरिटी, कैटरिंग, लॉजिस्टिक्स और लोकल वेंडर्स को मिलाकर करीब 80,000 से 90,000 युवाओं के लिए आजीविका के नए साधन विकसित होंगे। ​25 वर्षों का सबसे बड़ा औद्योगिक निवेश: पिछले ढाई दशकों में यह पहला मौका है जब देश और विदेश के इतने बड़े उद्योगपति एक ही स्थान और एक ही सेक्टर में एक साथ मिलकर इतनी बड़ी धनराशि का निवेश करने जा रहे हैं। ​’पीएम मोदी के आशीर्वाद और सीएम के सहयोग से संभव हुआ यह सपना’ ​प्रोजेक्ट की समीक्षा के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा:
​यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व व आशीर्वाद और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के निरंतर सहयोग का ही सुखद परिणाम है। मुंबई और दिल्ली के रोड शो के बाद अब मंगलुरु का राउंड खत्म होते ही सभी चयनित कंपनियों को जमीन आवंटित कर दी जाएगी। इसके बाद हम सभी मिलकर ग्वालियर की धरती पर इस टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का ऐतिहासिक भूमि पूजन करेंगे। यह पूरे अंचल के लिए एक बहुत बड़ी सौगात है। ​स्थल निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित ​साडा क्षेत्र में निरीक्षण एवं प्रेजेंटेशन के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। इस अवसर पर ​नारायण सिंह कुशवाहा (भाजपा विधायक, ग्वालियर दक्षिण) ​जयप्रकाश राजोरिया (भाजपा जिला अध्यक्ष) संभाग व जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्योग विभाग के उपस्थित रहे। ​केंद्रीय मंत्री सिंधिया अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान अंचल के अन्य स्थानीय कार्यक्रमों व बैठकों में भी शामिल होंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *