फर्रुखाबाद में रविवार दोपहर 3:30 बजे भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर एक पत्रकार वार्ता हुई। इसमें जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा और सांसद मुकेश राजपूत ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत कई कार्यक्रम होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि 21 सितंबर को प्रदेश महामंत्री शंकरलाल लोधी और नए जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र राजपूत जिले में आएंगे। इस दौरान वे संगठन से जुड़ी बैठकें करेंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, लगन और अच्छे शासन के 25 साल पूरे हो रहे हैं। उनके जन्मदिन 17 सितंबर से कई कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ नाम से नाटक मंचन होंगे। इस खास प्रस्तुति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को दिखाया जाएगा। इसमें राष्ट्र सेवा के प्रति उनकी लगन, लोगों की भलाई के काम और अच्छे शासन से आए बदलावों को बातचीत, एक्टिंग, संगीत और दमदार मंचन से प्रस्तुत किया जाएगा। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की उनकी सेवा यात्रा को नाटक के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि ये कार्यक्रम स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और दूसरी सार्वजनिक जगहों पर होंगे। इनके जरिए लोगों से सीधा संवाद भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान सेवा, अच्छे शासन, सबकी भलाई और देश बनाने के संकल्प को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश है। इन नाटक मंडली में करीब 20 कलाकार होंगे, जो अलग-अलग जगहों पर अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। जिले में कुल 120 जगहों पर इन कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

