Ashiana Housing नए प्रोजेक्ट्स के लिए जमीन खरीदने पर 1000 करोड़ रुपये करेगी निवेश

Ashiana Housing नए प्रोजेक्ट्स के लिए जमीन खरीदने पर 1000 करोड़ रुपये करेगी निवेश

रियल एस्टेट कंपनी आशियाना हाउसिंग के प्रबंध निदेशक (एमडी) विशाल गुप्ता ने कहा है कि कंपनी चालू वित्त वर्ष में आवासीय परियोजनाओं के विकास के लिए जमीन खरीदने पर करीब 1,000 करोड़ रुपये निवेश करेगी। देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में शामिल आशियाना हाउसिंग मुख्य रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए आवासीय परियोजनाएं विकसित करती है। गुप्ता ने पीटीआई-के साथ साक्षात्कार में कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद घरों की मांग मजबूत बनी हुई है।

इस मांग को पूरा करने के लिए कंपनी दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, महाराष्ट्र और तमिलनाडु समेत प्रमुख बाजारों में अपना कारोबार बढ़ा रही है। जमीन अधिग्रहण के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कंपनी आवासीय परियोजनाओं के विकास के लिए लगातार जमीन की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम चालू वित्त वर्ष में जमीन अधिग्रहण पर करीब 1,000 करोड़ रुपये निवेश करेंगे।’’
उन्होंने बताया कि कंपनी के पास इस निवेश के लिए पर्याप्त नकदी है।

गुप्ता ने कहा कि जमीन का अधिग्रहण सीधे खरीद के साथ-साथ जमीन मालिकों के साथ संयुक्त विकास के जरिये भी किया जाएगा। वित्त वर्ष 2026-27 में बिक्री बुकिंग के बारे में उन्होंने कहा कि यह पिछले वित्त वर्ष के लगभग बराबर रहने की उम्मीद है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 2,400 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री बुकिंग दर्ज की थी।

चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में आशियाना हाउसिंग की बिक्री बुकिंग 358 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले की इसी अवधि में 431 करोड़ रुपये थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *