फरीदकोट में 47 किलो हेरोइन समेत 4 गिरफ्तार:पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार सहित दबोचा; 3 विदेशी भी पिस्टल बरामद

फरीदकोट में 47 किलो हेरोइन समेत 4 गिरफ्तार:पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार सहित दबोचा; 3 विदेशी भी पिस्टल बरामद

फरीदकोट पुलिस के सीआईए स्टाफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 किलो 332 ग्राम हेरोइन, 3 विदेशी पिस्टल और 15 कारतूसों समेत होंडा सिटी कार सवार 4 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गुरुहरसहाय के गांव गूदड़ पंजगराई निवासी मंगल सिंह, जलालाबाद के गांव लमोचड़ खुर्द निवासी अंकुश, सचिन उर्फ संजू और अनमोल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सादिक में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान और फरीदकोट में चल रहे बाबा फरीद आगमन पर्व को ध्यान में रखते हुए सीआईए स्टाफ फरीदकोट के इंचार्ज हाकम सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने सादिक से दीप सिंह वाला जाने वाली सड़क पर गांव काउंनी के पास नाकाबंदी की हुई थी। शनिवार आधी रात के दौरान दीप सिंह वाला की तरफ से आ रही एक कार को पुलिस कर्मचारियों ने रुकने का इशारा किया। नाके के पास पहुंचने पर कार को सड़क किनारे रोक लिया गया, लेकिन इसके बाद उसमें सवार युवकों ने कार को पीछे मोड़कर भगाने का प्रयास किया। इसी दौरान गाड़ी बंद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे घेर लिया। गट्टे में से हेरोइन के कुल 42 पैकेट बरामद पुलिस को कार में रखे गट्टे में नशीला पदार्थ होने का संदेह हुआ, जिसके चलते कंट्रोल रूम पर सूचना दी गई और डीएसपी अवतार सिंह राजपाल को मौके पर बुलाया गया। उनकी निगरानी में गाड़ी की तलाशी लेने पर गट्टे में से हेरोइन के कुल 42 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 47 किलो 332 ग्राम है। आरोपियों से पूछताछ जारी इसके अलावा कार के डैशबोर्ड से मिले एक लिफाफे में से तीन विदेशी पिस्टल .30 बोर समेत मैगजीन और 15 कारतूस बरामद किए गए। पुलिस द्वारा इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *