दिन के समय में शहर में निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के बावजूद शाम के बाद सड़क–फुटपाथों पर अवैध रूप से दुकानें लगने लगती हैं। इन्हें स्थाई रूप से हटाने के लिए निगम की रात्रिकालीन अतिक्रमण विरोधी टीम सक्रिय नजर आ रही है। शुक्रवार रात करीब 9 बजे मंत्रालय के सामने निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम ने सड़क-फुटपाथ पर जमे दुकान-ठेलों, फूड काउंटर सहित 30 से ज्यादा कब्जे हटवाए। बड़े काउंटरों को हटाने के लिए मौके पर क्रेन बुलवाकर अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के बाद सड़क और आसपास का रास्ता खाली कराया गया। नगर निगम प्रशासन ने रात्रिकालीन अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के लिए अप्रैल में व्यवस्था बनाई थी। इसके तहत शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक प्रमुख बाजारों और वीआईपी इलाकों में गश्त करके कार्रवाई की जा रही है। रात्रिकालीन टीम की जिम्मेदारी प्रभारी अतिक्रमण अधिकारी नासिर खान की है। सीएम हेल्पलाइन या कंट्रोल रूम से शाम के बाद मिलने वाली शिकायतों पर तुरंत टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रही है। क्रेन लेकर पहुंची टीम, खंभों से बांधकर छोड़ देते हैं ठेले अतिक्रमण अधिकारी नासिर खान ने बताया कि कार्रवाई से बचने के लिए कुछ ठेला संचालक रात में अपने ठेले सड़क किनारे छोड़कर उन्हें पेड़, बिजली के खंभे या शटर से जंजीर और ताले से बांध देते हैं। टीम ऐसे ठेलों के ताले काटकर उन्हें जब्त कर निगम डिपो भेजती है। नाइट में अतिक्रमण स्क्वॉड में एक वाहन के साथ 10 से 12 जवान तैनात रहते हैं। न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट, बिट्ठल मार्केट, करोंद, कोलार, अवधपुरी और अयोध्या बायपास जैसे प्रमुख बाजारों में टीम गश्त करती है। पहले माइक से समझाइश दी जाती है और दोबारा अतिक्रमण मिलने पर सामान जब्त किया जाता है। रास्ता खाली कराया रात में समय-सीमा पूरी कर चुके पोस्टर-होर्डिंग हटाने के साथ आपात स्थिति में रास्ता खाली कराने का काम भी टीम करती है। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर आगजनी, मकान गिरने या भीषण जाम की स्थिति में फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस के लिए रास्ता खाली कराया जाता है।

