आगरा के टेडी बगिया स्थित श्याम नगर की गली नंबर-5 में जलभराव ने लोगों की जिंदगी मुश्किल कर दी है। महीनों से गली में सीवर का गंदा पानी भरा है। स्थिति यह है कि घरों के दरवाजे तक पानी पहुंच गया है और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को इसी गंदे पानी के बीच से निकलना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी सुजाता देवी ने जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए और कहा कि क्षेत्र की जनता यह तक नहीं जानती कि आगरा की मेयर कौन हैं। उनका कहना है कि बीते वर्षों में क्षेत्र की बदहाली देखने कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा। वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है, लेकिन पक्का समाधान नहीं हुआ। स्थानीय निवासी भगवान देवी ने बताया कि वह आशा कार्यकर्ता हैं और करीब छह महीने से उनकी गली में गंदा पानी जमा है। घर के बाहर भरे पानी में पैर फिसलने से उनका पैर टूट चुका है। स्कूल जाने वाले बच्चे भी कई बार फिसलकर घायल हो चुके हैं। उनका कहना है कि बारिश के दौरान हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं। लोगों के मुताबिक, गली में नाली निर्माण का काम शुरू हुआ था, लेकिन उसे अधूरा छोड़ दिया गया। स्थानीय लोगों को काम रुकने की वजह बजट की कमी बताई गई। वहीं, कूड़ा उठाने वाली गाड़ी भी लंबे समय से नियमित नहीं आने का आरोप है, जिससे गंदगी की समस्या और बढ़ गई है। करोड़ों की सीएम ग्रिड योजना के तहत शाहदरा से टेडी बगिया तक निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन जल निकासी के पूरे इंतजाम नहीं होने से श्याम नगर इलाके में जलभराव की समस्या बनी हुई है।

