Shekhar Suman Democracy Monologue: अभिनेता और होस्ट शेखर सुमन अपने शो ‘शेखर टुनाइट’ में अक्सर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर व्यंग्य करते नजर आते हैं। अब उनके एक नए मोनोलॉग का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसमें उन्होंने लोकतंत्र को क्रिकेट मैच से जोड़ते हुए ‘जनता बनाम सिस्टम’ का काल्पनिक मुकाबला पेश किया। मोनोलॉग में महंगाई को लेकर उन्होंने रसोई के बजट का जिक्र करते हुए तंज कसा।
‘लोकतंत्र के इस स्टेडियम में आपका स्वागत है’
शेखर सुमन ने अपने अंदाज में कहा कि लोकतंत्र के इस स्टेडियम में एक ऐसा ऐतिहासिक मुकाबला होने वाला है, जिसका नतीजा करोड़ों लोगों की जिंदगी तय करता है। उनके मुताबिक आमने-सामने जनता और सिस्टम की टीमें हैं और दोनों में लंबे समय से कोई बदलाव नहीं हुआ है।
उन्होंने इस पूरे सीन को क्रिकेट मैच की तरह पेश किया। शेखर के मुताबिक टॉस जीतने के बाद सिस्टम ने फील्डिंग चुनी और जनता की टीम बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतर गई। जनता के खिलाड़ियों के चेहरे पर उम्मीदें और सपने हैं, जबकि सिस्टम ने अपनी फील्डिंग पहले से मजबूत कर रखी है। इसके बाद उन्होंने महंगाई को गेंदबाज की तरह पेश करते हुए कहा कि सिस्टम के बॉलर ने गेंद डाली और ‘महंगाई एंड’ से आया जोरदार बाउंसर सीधे जनता की रसोई के बजट पर लगा। उनके मोनोलॉग में दाल, सब्जी और चीनी की कीमतों को इसी क्रिकेट कमेंट्री के अंदाज में शामिल किया गया।
शेखर सुमन के मोनोलॉग पर आए ऐसे कमेंट
शेखर सुमन के इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, “जब जनता ही अपने गले का पट्टा खोलना नहीं चाहती है तो आप क्या कर लोगे समझा के, शेखर जी।”
वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “सर जी, आपने मजाक-मजाक में मन की बात कह दी।” एक और यूजर ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “टू फनी।” यानी शेखर सुमन के इस व्यंग्यात्मक मोनोलॉग पर सोशल मीडिया में जहां कुछ यूजर्स ने इसे मजेदार बताया, वहीं कुछ ने इसे जनता और सिस्टम से जुड़े मुद्दों पर टिप्पणी के तौर पर लिया।
‘शेखर टुनाइट’ में पहले भी दिखा है व्यंग्य का अंदाज
शेखर सुमन मई 2026 में करीब 14 साल बाद ‘शेखर टुनाइट’ के साथ टॉक शो के फॉर्मेट में लौटे थे। शो में मनोरंजन के साथ सामाजिक और समसामयिक मुद्दों पर बातचीत और व्यंग्य भी शामिल है।
इससे पहले भी शो में शेखर सुमन ने अलग-अलग मुद्दों को लेकर अपने व्यंग्यात्मक अंदाज में मोनोलॉग किए हैं। जुलाई 2026 में उन्होंने छात्र प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर भी शो की शुरुआत एक गंभीर मोनोलॉग से की थी।

