Mesenteric Lymphadenitis Symptoms: छोटे बच्चों में पेट दर्द होना एक बहुत ही आम समस्या है। कभी गैस, कभी अपच तो कभी हल्का-फुल्का इंफेक्शन इसका कारण बनता है। लेकिन अगर बच्चा पेट के निचले हिस्से में दाईं तरफ (Right lower side) तेज दर्द की शिकायत करे, तो ज्यादातर माता-पिता तुरंत घबरा जाते हैं और इसे अपेंडिसाइटिस (Appendicitis) मान लेते हैं। हर बार पेट के दाईं तरफ होने वाला दर्द अपेंडिक्स का ही नहीं होता। मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) और क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) की रिपोर्ट्स के अनुसार, यह समस्या Mesenteric Lymphadenitis (मेसेंटरिक लिम्फैडेनाइटिस) भी हो सकती है। यह बीमारी देखने और महसूस होने में काफी हद तक अपेंडिसाइटिस जैसी ही लगती है, लेकिन इसका कारण और इलाज अलग होता है। आइए समझते हैं कि मेसेंटरिक लिम्फैडेनाइटिस क्या है, यह अपेंडिसाइटिस से कैसे अलग है, इसके क्या लक्षण हैं और इससे घबराने की जगह क्या कदम उठाने चाहिए।
क्या है Mesenteric Lymphadenitis (मेसेंटरिक लिम्फैडेनाइटिस)?
मेयो क्लिनिक के अनुसार, हमारे शरीर में बीमारियों और इंफेक्शन से लड़ने के लिए एक खास सुरक्षा तंत्र होता है, जिसे लिम्फैटिक सिस्टम (Lymphatic System) कहते हैं। इस सिस्टम में छोटे-छोटे मटर के दाने जैसे ग्रंथियां होती हैं, जिन्हें लिम्फ नोड्स (Lymph Nodes) कहा जाता है। जब भी हमें गले में खराश या सर्दी होती है, तो अक्सर गर्दन की ग्रंथियां सूज जाती हैं। ठीक इसी तरह, हमारी आंतों को पेट की दीवार से जोड़ने वाले ऊतक (Tissue) को ‘मेसेंट्री’ (Mesentery) कहते हैं। जब इन आंतों के आसपास मौजूद लिम्फ नोड्स में किसी वायरल या बैक्टीरियल इंफेक्शन की वजह से सूजन (Inflammation) आ जाती है, तो इस स्थिति को Mesenteric Lymphadenitis कहा जाता है। यह समस्या बच्चों और किशोरों (Teens) में बहुत ज्यादा देखने को मिलती है।
अपेंडिसाइटिस और इसमें क्या अंतर है?
- अपेंडिसाइटिस (Appendicitis)- इसमें अपेंडिक्स (एक छोटी सी नली जो आंत से जुड़ी होती है) में सूजन आ जाती है। यदि इसका सही समय पर ऑपरेशन करके इसे न निकाला जाए, तो यह फट सकती है, जो कि एक इमरजेंसी मेडिकल स्थिति है।
- मेसेंटरिक लिम्फैडेनाइटिस (Mesenteric Lymphadenitis)- इसमें आंतों के पास की लिम्फ ग्रंथियों में सूजन होती है। यह अक्सर किसी साधारण वायरल बुखार या पेट के इंफेक्शन के बाद होती है और आमतौर पर बिना किसी सर्जरी के, सही देखभाल से अपने आप ठीक हो जाती है।
इसके मुख्य लक्षण क्या हैं?
- पेट में दाईं तरफ दर्द होना।
- पेट छूने पर दर्द होना (Tenderness)।
- बुखार (Fever) रहना।
- उल्टी और मतली होना।
- दस्त या दस्त जैसे लक्षण जाना।
- सुस्ती और कमजोरी।
यह बीमारी क्यों होती है? इसके मुख्य कारण
- वायरल गैस्ट्रोएंटेराइटिस (Viral Gastroenteritis)।
- श्वसन तंत्र का संक्रमण (Upper Respiratory Infection)।
- बैक्टीरियल इंफेक्शन।
डॉक्टर जांच और पहचान कैसे करते हैं?
- अल्ट्रासाउंड (Ultrasound)।
- खून की जांच (Blood Tests)।
इलाज और घर पर देखभाल के तरीके
ज्यादातर मामलों में मेसेंटरिक लिम्फैडेनाइटिस 1 से 2 हफ्तों के अंदर खुद-ब-खुद ठीक हो जाता है। इसके लिए किसी बड़ी सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ती;
- बच्चे को पर्याप्त आराम करने दें ताकि शरीर इंफेक्शन से लड़ सके।
- पानी और तरल पदार्थ दें।
- हल्का खाना दें।
- ज्यादा तेल-मसाले वाली चीजों से दूर रखें।
- डॉक्टर की सलाह पर ही दर्द या बुखार कम करने वाली सिरप (जैसे पैरासिटामोल) दें।

