संभल में चलती बाइक के हैंडल में अचानक करीब दो फीट लंबा सांप निकल आया। हैंडल पर सांप का फन देखते ही बाइक चालक घबरा गया और बाइक छोड़कर कूद गया। घटना का वीडियो शनिवार सुबह करीब 8 बजे सामने आया है। बाइक से सांप को निकालने में एक घंटे से ज्यादा का समय लगा। नूरपुर चौराहे पर अचानक हैंडल में आया सांप घटना संभल जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर कैलादेवी थाना क्षेत्र के नूरपुर चौराहे की है। शकरपुर गांव निवासी पप्पू शुक्रवार शाम करीब 5 बजे बाइक से संभल जा रहे थे। पप्पू जैसे ही नूरपुर चौराहे पर पहुंचे, अचानक बाइक के हैंडल पर करीब दो फीट लंबा सांप दिखाई दिया। सांप का फन सामने आते ही वह घबरा गए और बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। सीट और पेट्रोल टंकी के नीचे जाकर छिपा इसके बाद बाइक मिस्त्री उमेश को मौके पर बुलाया गया। सांप बाइक के सीट के नीचे घुस गया था। वहां से वह पेट्रोल टंकी के नीचे होते हुए मीटर के बोनट में चला गया। मिस्त्री और आसपास मौजूद लोगों ने सांप को निकालने की कोशिश शुरू की। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद सांप बाइक से निकलकर सड़क पर गिर गया। हालांकि, उसे पूरी तरह बाहर निकालने में एक घंटे से ज्यादा का समय लगा।
4 मिनट 46 सेकंड का वीडियो सामने आया घटना का 4 मिनट 46 सेकंड का लाइव वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में सांप के बाइक से निकलकर सड़क पर गिरने के बाद कुछ लोग उसे लाठी-डंडों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, कुछ लोग सांप को न मारने की बात कहते हुए भी नजर आते हैं। बाद में लोगों ने सांप को पीटकर मार दिया। पप्पू बोले- अचानक सामने आया तो डर लगा बाइक चालक पप्पू ने बताया कि बाइक चलाते समय अचानक उन्हें हैंडल पर सांप का फन दिखाई दिया। इससे वह घबरा गए और बाइक से कूद गए। उन्होंने बताया कि उन्हें सांपों से डर नहीं लगता, लेकिन अचानक सामने आने से वह घबरा गए थे। पप्पू के मुताबिक, उन्होंने कुछ लोगों को सांप को मारने से रोकने की कोशिश भी की, लेकिन लोग नहीं माने और सांप को मार दिया।

