हाथरस के मेला श्री दाऊजी महाराज में चल रहे अखिल भारतीय कुश्ती दंगल के दूसरे दिन शुक्रवार को पहलवानों ने मध्य रात्रि तक जोर आजमाया। इस दौरान कई मुकाबले हुए। अंतिम दौर की दो बड़ी कुश्तियों ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया। इन दोनों कुश्तियों पर 61-61 हजार रुपये की इनाम राशि रखी गई थी। अंतिम से पहले हुई 61 हजार रुपये की कुश्ती में धाऊ बाग के विनीत पहलवान और कुंवरपुर के अजीत पहलवान आमने-सामने थे। दोनों ने एक-दूसरे को हराने के लिए खूब दांव-पेच लगाए, लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका। यह कुश्ती बराबरी पर खत्म हुई। इसके बाद दंगल की आखिरी और 61 हजार रुपये की कुश्ती कुंडा के श्यामवीर पहलवान और धाऊ बाग के नरेंद्र पहलवान के बीच हुई। इस मुकाबले में भी दोनों पहलवानों ने काफी देर तक एक-दूसरे पर दांव लगाए। आखिर में यह कुश्ती भी बराबरी पर समाप्त हुई। दोनों मुकाबले बराबरी पर छूटने के बाद इनाम राशि पहलवानों में आधी-आधी बांट दी गई। इस बार दाऊजी महाराज मेले के दंगल में कुश्ती को आधुनिक प्रतियोगी स्वरूप से जोड़ने की कोशिश की गई है। पहले दिन भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के नियमों के हिसाब से अलग-अलग भार वर्गों में महिला और पुरुष पहलवानों के मुकाबले हुए थे। अब 18 से 22 सितंबर तक पारंपरिक दंगल होगा। दूसरे दिन भी अखाड़े में बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी मौजूद थे। उन्होंने देर रात तक मुकाबलों का मजा लिया। इस मौके पर पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय, नगरपालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी, दंगल संयोजक विपुल गौड़, विकास भारद्वाज, अशोक शर्मा, सुमित शर्मा, संदीप जादौन, शुभम उपाध्याय, प्रशांत शर्मा, जय शर्मा और लव वार्ष्णेय समेत दंगल कमेटी के पदाधिकारी और कई लोग मौजूद रहे।

