Rajgarh Crime: भाजपा नेता के पिता पर टोमेटो कैचअप डालकर 1.49 लाख रुपये का बैग लेकर भागे बदमाश

Rajgarh Crime: भाजपा नेता के पिता पर टोमेटो कैचअप डालकर 1.49 लाख रुपये का बैग लेकर भागे बदमाश

Rajgarh Tomato Ketchup Theft: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा के खुजनेर नगर के बाजार में शुक्रवार शाम करीब 4.30 बजे शातिर बदमाशों ने ब्यावरा भाजपा मंडल अध्यक्ष राजू यादव के पिता रामचंद्र यादव के साथ 1.49 लाख रुपये चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने रामचंद्र यादव के कपड़ों पर पहले टोमेटो कैचअप डाला और बातों में उलझाया। रामचंद्र जैसे ही कैचअप साफ करने लगे, इसी दौरान बदमाश पास में रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब 1.49 लाख रुपये बताए गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पेमेंट का कलेक्शन करके लाए थे

रामचंद्र यादव बीड़ी नंबर-2 कंपनी में मैनेजर हैं और जिलेभर में पेमेंट कलेक्शन का काम देखते हैं। शुक्रवार को वे पेमेंट कलेक्शन के लिए निकले थे और दोपहर में खुजनेर पहुंचे। उनके पास बाजार के माल के भुगतान के करीब 1.43 लाख रुपए थे, जबकि करीब 6 हजार रुपए उनकी अपनी राशि सहित बैग में कुल 1.49 लाख रुपए रखे थे। बताया गया कि बदमाशों ने वारदात से पहले उनकी रैकी की। वे कुछ दूरी से उनका पीछा करते रहे। इसके बाद बाजार में उनके पास वारदात को अंजाम दिया।

सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध

घटना के बाद जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तो अलग-अलग स्थानों पर कुछ संदिग्ध नजर आए। बताया जा रहा है कि इनमें दो व्यक्ति, एक 13-14 साल का बच्चा और एक बुजुर्ग दिखाई दे रहे है। संदिग्धों की गतिविधियां रामचंद्र यादव के आगे-पीछे रही है। घटना के तरीके से आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने रामचंद्र यादव के पेमेंट कलेक्शन की जानकारी जुटाने के बाद उनका पीछा किया और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *