गुना में ज्योतिरादित्य सिंधिया को आया गुस्सा, दो वीडियो वायरल

गुना में ज्योतिरादित्य सिंधिया को आया गुस्सा, दो वीडियो वायरल

Guna Jyotiraditya Scindia: केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इन दिनों अपने लोकसभा क्षेत्र गुना-शिवपुरी के दौरे पर हैं। शुक्रवार को सिंधिया गुना में थे जहां के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में सिंधिया कलेक्टर-एसपी पर नाराज होते नजर आ रहे हैं, तो वहीं दूसरे वीडियो में सिंधिया एक स्थानीय रहवासी से कह रहे हैं कि इस तरह की भाषा मेरे साथ कभी उपयोग मत करना। गुना दौरे के दौरान सिंधिया ने शुक्रवार शाम को कलेक्ट्रेट में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक भी ली।

ये भाषा मेरे साथ कभी उपयोग मत करना- ज्योतिरादित्य सिंधिया

जो वीडियो सामने आया है वो गुलाबगंज का बताया जा रहा है। वीडियो में सिंधिया गाड़ी में बैठे हुए हैं और गाड़ी के आसपास खड़े लोग उन्हें अपनी शिकायतें व ज्ञापन दे रहे हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति ज्योतिरादित्य सिंधिया से कहता है- हाथ जोड़कर निवेदन है कि इस बार समय से पहले ये रोड डल जाए, ये निवेदन है। नहीं तो फिर वोट के समय हम लोगों में से वोट कोई नहीं डालेगा। इस पर सिंधिया जवाब देते हुए कहते हैं- ये भाषा मेरे साथ कभी उपयोग मत करना। समझ गए…आप आकर निवेदन करो, मेरी जिम्मेदारी है काम करना है, ठीक है।

‘कलेक्टर कहां हैं? जल्दी बुलाओ…’ सिंधिया ने जताई नाराजगी

इससे पहले शुक्रवार को सर्किट हाउस में जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनते- सुनते सिंधिया का पारा अचानक उस वक्त चढ़ गया, जब संवेदनशील मोहन बारेला मामले में गुहार लगाने पहुंचे परिजनों की बात सुनने के लिए मौके पर जिम्मेदार अधिकारी ही मौजूद नहीं थे। तभी पता चला कि कलेक्टर और एसपी अपनी गाड़ी में बैठे हैं, इस पर सिंधिया नाराज हो गए और तल्ख लहजे में अधिकारियों की गैरहाजिरी पर सवाल उठाते हुए कहा- कलेक्टर कहां हैं? बुलाओ जल्दी…और जब कलेक्टर-एसपी पहुंचे तो उनसे कहा कि- गाड़ी में मत बैठिए आप दोनों, मेरी ड्यूटी पर हैं। गाड़ी में से नहीं बुलाना पड़े आपको, समझे आप दोनों?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *