(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 18 सितंबर बिहार में आई बाढ़ की गंभीर स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को प्रभावित लोगों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में राज्यसभा सदस्य के रूप में अपने तीन महीने के वेतन 6.35 लाख रुपये का दान किया। पार्टी ने यह जानकारी दी। पार्टी की ओर से जारी एक बयान में नवीन के हवाले से कहा गया कि बिहार सरकार तेजी से कार्रवाई कर रही है और प्रभावित इलाकों में राहत शिविर, सामुदायिक रसोई, चिकित्सा सुविधा तथा पशुओं के लिए चारे की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
भाजपा अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार इस संकट के दौरान बिहार के बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। नवीन ने बिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद दी जा रही है, जिसमें आर्थिक सहायता, राहत शिविर और फसल के नुकसान का आकलन शामिल है। बयान में कहा गया, ‘‘संकट की इस घड़ी में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए, नवीन ने राज्यसभा सदस्य के तौर पर अपने तीन महीने का वेतन यानी 6,35,000 रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में दान किए।’’
नवीन ने कहा कि बिहार सरकार बाढ़ से प्रभावित परिवारों को पहले ही कुल 550 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक मदद दे चुकी है, जिसके तहत प्रत्येक प्रभावित परिवार को 7,000 रुपये दिए गए हैं।
भाजपा ने बयान में कहा, ‘‘पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा है कि राज्य में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और सरकार प्रभावित लोगों तक समय पर राहत एवं आवश्यक मदद पहुंचाने के लिए पूरी लगन से काम कर रही है।’’
सत्तारूढ़ पार्टी ने कहा, ‘‘उन्होंने (नवीन ने) कहा कि प्रभावित इलाकों में राहत शिविरों, सामुदायिक रसोई, चिकित्सा सुविधाओं और पशुओं के चारे की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम पूरे साजो-समान के साथ तैनात हैं, और फसल के नुकसान का आकलन करने एवं किसानों को जरूरी मदद देने की प्रक्रिया भी जारी है।’’
बयान के मुताबिक, नवीन ने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया, पीड़ितों से मुलाकात की और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। भाजपा सांसद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में राज्यसभा सदस्य के तौर पर अपना तीन महीने का वेतन दान करने का नवीन का फ़ैसला ‘‘संवेदनशील नेतृत्व और जनसेवा के प्रति समर्पण का एक प्रेरणादायक उदाहरण’’ है।
बलूनी ने कहा, ‘‘संकट की इस घड़ी में, भाजपा की संकल्प ही सेवा की भावना प्रभावित परिवारों को ताकत दे रही है और समाज को सेवा की भावना के लिए नए सिरे से प्रेरित कर रही है।

