कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के कर्रही गांव में चचेरे भाई की मौत के तीन दिन बाद 22 वर्षीय अंशु कश्यप की भी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह वह कमरे में मृत मिला। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को चचेरे भाई रिंकू उर्फ बॉबी की मौत के बाद से अंशु सदमे में था और लगातार परेशान रह रहा था। परिजनों ने बताया कि गुरुवार को बॉबी के अंतिम संस्कार से लौटने के बाद भी अंशु काफी व्यथित था। वह अपने माता-पिता से भाई को याद करते हुए बार-बार उसके पास जाने की बात कह रहा था। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई की मौत के बाद बदल गया था व्यवहार कर्रही गांव निवासी अंशु के पिता मनीष ऑटो चलाते हैं। परिवार में मां बिटान और तीन बहनें सीता, गीता व कुमकुम हैं। परिजनों के मुताबिक, अंशु अपने चचेरे भाई रिंकू उर्फ बॉबी के काफी करीब था। मंगलवार को बॉबी की मौत के बाद से अंशु गुमसुम रहने लगा था। परिवार का कहना है कि वह ठीक से सो नहीं रहा था और बार-बार बॉबी को याद कर भावुक हो जाता था। अंतिम संस्कार से लौटने के बाद भी रहा परेशान गुरुवार दोपहर अंशु अपने चचेरे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल हुआ था। वहां से लौटने के बाद उसकी परेशानी और बढ़ गई। घर पहुंचकर उसने माता-पिता से कहा कि उसे अपने भाई की याद आ रही है और वह उसके पास जाना चाहता है। परिजनों के मुताबिक, उसकी मां को उसकी स्थिति देखकर चिंता हुई। कुछ देर बाद परिवार को कमरे में अंशु के मृत होने की जानकारी हुई। अस्पताल ले गए, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया परिजन अंशु को तुरंत पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर बर्रा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बर्रा थाना प्रभारी ने बताया- प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक अपने चचेरे भाई की मौत के बाद से परेशान था। परिजनों की ओर से अभी तक किसी के खिलाफ आरोप या तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे मिलने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

