चंदौली जिले में सैयदराजा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार शाम को एक इनामी अपराधी को पकड़ा। कचहरी परिसर के पास से मिली सटीक सूचना पर उसे दबोचा गया। आरोपी की पहचान 50 हजार के इनामी लुटेरे सलमान के रूप में हुई है, जो फरार चल रहा था। आरोपी सलमान के खिलाफ 28 नवंबर 2024 को सैयदराजा थाने में कोयला लदे ट्रक की लूट का मामला दर्ज हुआ था। बिहार के डेहरी थानाक्षेत्र के इम्तेयाज खान ने यह केस दर्ज कराया था। उन्होंने बताया था कि उनका ट्रक 25 टन कोयला लेकर सीतापुर जा रहा था, जिसे रास्ते में लूट लिया गया। जांच में सामने आया कि ट्रक को ड्राइवर इम्तेयाज और क्लीनर राजू सिंह ने ही लूटा था। इस मामले में प्रयागराज के मऊआइमा थानाक्षेत्र के रहने वाले सलमान को मुख्य आरोपी बनाया गया था। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह पकड़ा नहीं जा रहा था। शुक्रवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि ट्रक लूट का मुख्य आरोपी कचहरी के पास मौजूद है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ट्रक चालक और क्लीनर की मदद से कोयला लदे ट्रक को लूटा था। सलमान के खिलाफ अलग-अलग जिलों में कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, स्वाट प्रभारी रामजन्म यादव, सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।

