अयोध्या में नया घरेलू गैस कनेक्शन लेना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। पिछले छह महीने से इंडेन, भारत और एचपी तीनों कंपनियों की एजेंसियों ने बिना बताए नए कनेक्शन देना बंद कर दिया है। इससे नए परिवार, नवविवाहित जोड़े और किराए पर रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार 18 सितंबर को बताया कि कनेक्शन रोकने या देने का फैसला तेल कंपनियां ही करती हैं। एजेंसी संचालकों का कहना है कि तेल कंपनियों से ही नए कनेक्शन न देने का आदेश आया है। नया कनेक्शन देने का पोर्टल ही बंद कर दिया गया है। एक एजेंसी के संचालक दिनेश कुमार ने बताया कि 8 मार्च से नए कनेक्शन पर रोक लगा दी गई है, इसलिए कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं। वहीं दूसरे संचालक विजेंद्र कुमार का जवाब भी यही है। उधर, ग्राहकों का आरोप है कि एजेंसियों पर जाने पर उन्हें सर्वर डाउन और ई-केवाईसी न होने का बहाना बनाकर टाल दिया जा रहा है। कनेक्शन न मिलने से लोग हजारों रुपये अतिरिक्त देकर ब्लैक में सिलेंडर खरीदने को मजबूर हैं। अयोध्या धाम में घर बनवाने वाले रमेश कुमार ने बताया कि नया कनेक्शन न मिलने से बड़ी परेशानी हो रही है। इसी तरह यहां नौकरी करने वाले प्रदीप यादव ने बताया कि उन्होंने अयोध्या में ही मकान बनवाया है, लेकिन गैस कनेक्शन के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। उनका कहना है कि अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध जैसे हालात शांत हो गए हैं और कच्चे तेल के दाम भी स्थिर हैं, लेकिन इसका फायदा आम लोगों को नहीं मिल रहा है। उल्टा तेल कंपनियां मनमानी कर रही हैं। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा ने फिर बताया कि कनेक्शन रोकने या देने का फैसला तेल कंपनियां ही करती हैं। कंपनी अधिकारियों ने उन्हें बताया है कि अभी घरेलू कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं।

