बाराबंकी में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। यह कार्रवाई पार्टी कार्यकर्ताओं की शिकायत के आधार पर की गई है। इसमें अमित और अजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। पुलिस के मुताबिक, आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता सनी पटेल ने शिकायत में बताया कि 13 सितंबर की दोपहर करीब दो बजे वह सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ कार से गोंडा जा रहे थे। रामनगर क्षेत्र के बुढ़वल के पास कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रोकने की कोशिश की। आरोप है कि हमलावरों ने रॉड, लाठी-डंडे और धारदार हथियार से जान से मारने की नीयत से हमला किया। इस हमले में कार को नुकसान पहुंचने की बात कही गई है। इस घटना के बाद आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया और डीएम ऑफिस के सामने ज्ञापन भी दिया। इससे पहले 13 सितंबर को चंद्रशेखर आजाद 3 किलोमीटर पैदल चलकर एसपी ऑफिस पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मिलकर केस दर्ज करने की बात कही थी। इसी घटना को लेकर आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष ने भी अलग से शिकायत दी है। इसमें रोहिणी घावरी के समर्थकों पर सांसद के काफिले का विरोध करने और हमला करने का आरोप लगाया गया है। बताया गया कि सांसद चंद्रशेखर आजाद रामनगर क्षेत्र में व्यापारी विनोद साहनी के परिवार से मिलने के बाद गोंडा जा रहे थे। इसी दौरान बुढ़वल के पास यह विवाद और हंगामा हुआ था। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो और दूसरे सबूतों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

