Delhi Police ने महरौली चोरी केस सुलझाया, iPhone 15 खरीदने से पकड़े गए दो आरोपी

Delhi Police ने महरौली चोरी केस सुलझाया, iPhone 15 खरीदने से पकड़े गए दो आरोपी

दक्षिण दिल्ली पुलिस ने महरौली इलाके के एक घर में हुई चोरी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उसे एक कंपनी के प्रतिनिधि द्वारा महंगा फोन व कपड़े खरीदे जाने की जानकारी मिली, जिसके आधार पर इस मामले को सुलझा लिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी दीपक (20) और उसकी कथित सहयोगी गुंजन (30) को मैदान गढ़ी स्थित एक मकान में हुई चोरी के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को एक ई-प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान, पुलिस को 14 सितंबर को एक एक कंपनी के प्रतिनिधि दीपक द्वारा हाल में आईफोन-15 और नये कपड़े खरीदे जाने की जानकारी मिली।

दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने एक बयान में कहा कि दीपक लगभग तीन लाख रुपये की मोटरसाइकिल खरीदने की भी योजना बना रहा था। पुलिस ने उसके किराये के मकान पर छापेमारी की और उसे पकड़ लिया। डीसीपी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दीपक ने खुलासा किया कि वह छत के रास्ते शिकायतकर्ता के घर में दाखिल हुआ और सोने व चांदी के जेवर तथा नकदी चुरा ली।

पुलिस ने बताया कि चोरी का माल बाद में गुंजन के पास होने का पता चला, जिसने महरौली के एक सुनार के जरिये सोना बेचने में मदद की थी। डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने दीपक के पास से एक आईफोन-15, 27,500 रुपये नकद, चांदी की सात जोड़ी पायल, चांदी की पांच जोड़ी बिछिया और चांदी का एक ब्रेसलेट बरामद किया है। डीसीपी के अनुसार, पुलिस ने गुंजन के पास से लगभग एक किलोग्राम चांदी का सामान और 103 ग्राम सोने का सामान बरामद किया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने चोरी का माल बेचने से आए पैसे का भी पता लगाया है, जिसमें 2.58 लाख रुपये का एक चेक भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *