Rajasthan: ईवीएम मशीनों से भरा वाहन पलटा, पुलिस के दो जवान घायल, मौके पर पहुंचीं एसडीएम

Rajasthan: ईवीएम मशीनों से भरा वाहन पलटा, पुलिस के दो जवान घायल, मौके पर पहुंचीं एसडीएम

जोधपुर। जोधपुर-जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग-125 पर बालेसर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात ईवीएम मशीनों से भरा टाटा 407 मिनी ट्रक मवेशी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा 38 मील की सरहद के पास रात करीब 8 बजे हुआ। दुर्घटना के समय वाहन में पंचायती राज चुनाव के लिए ईवीएम मशीनें ले जाई जा रही थीं। हादसे में ईवीएम की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार ईवीएम मशीनों को पाली से जैसलमेर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक वाहन के सामने मवेशी आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और मिनी ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर मदद की।

jodhpur accident
सड़क पर पलटने के बाद वाहन क्षतिग्रस्त (फोटो-पत्रिका)

हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि ईवीएम की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों को भी चोट लगी। एक पुलिसकर्मी के सिर में चोट आने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही बालेसर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली।

पीछे से लॉक था वाहन, सभी EVM सुरक्षित

हादसे के बाद ईवीएम मशीनों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तत्काल व्यवस्था संभाली। बताया गया कि गाड़ी पीछे से लॉक थी, जिससे मशीनें सुरक्षित रहीं। प्रशासन की ओर से क्रेन बुलाकर पलटे हुए वाहन को सीधा कराने की कार्रवाई शुरू की गई।

jodhpur accident
मौके पर पहुंचीं उपखंड अधिकारी सुमन राठौर (फोटो-पत्रिका)

एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही बालेसर उपखंड अधिकारी सुमन राठौड़ भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने दुर्घटनास्थल का जायजा लिया और ईवीएम मशीनों की सुरक्षा तथा आगे भेजने की व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि क्रेन की मदद से वाहन को खड़ा कराया जा रहा है। यदि वाहन चलने की स्थिति में हुआ तो इसी वाहन से ईवीएम को आगे भेजा जाएगा, अन्यथा दूसरे वाहन की व्यवस्था की जाएगी।

प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में ईवीएम को सुरक्षित रखने तथा उन्हें गंतव्य तक पहुंचाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *