जिला महिला चिकित्सालय में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत मरीजों और अस्पताल स्टाफ के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों से बातचीत कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इसके बाद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अंगदान की प्रतिज्ञा ली। शाम 7 बजे अस्पताल परिसर में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम हुआ, जिसमें कर्मचारियों ने मानवता, सेवा और समर्पण का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मीनाक्षी सिंह समेत अस्पताल के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अंगदान के लिए लोगों को जागरूक किया डॉ. प्रशांत ने कहा कि अंगदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन बचाने वाला कदम साबित हो सकता है। समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है, ताकि अधिक लोग अंगदान के लिए आगे आएं। बेहतर इलाज के साथ संवेदनशीलता भी जरूरी प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मीनाक्षी सिंह ने कहा कि मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना अस्पताल की प्राथमिकता है। इलाज के साथ मरीजों और उनके परिजनों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भाव बनाए रखना भी जरूरी है। स्वास्थ्य सेवाओं में मानवीय दृष्टिकोण को बनाए रखना अस्पताल की जिम्मेदारी है। दीप जलाकर दिया सेवा का संदेश शाम 7 बजे हुए दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में चिकित्सकों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मानवता, सेवा और समर्पण की भावना के साथ काम करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में डॉ. प्रशांत, डॉ. संजीव, हॉस्पिटल मैनेजर संगीता, इन्फेक्शन कंट्रोल नर्स स्वाति समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

