रामपुर में व्यापार मंडल की बैठक:सर्राफा बाजार तक सड़क खराब, जल निकासी न होने से रोष जताया

रामपुर में व्यापार मंडल की बैठक:सर्राफा बाजार तक सड़क खराब, जल निकासी न होने से रोष जताया

रामपुर में पान दरीबा सिटी पोस्ट ऑफिस से जामा मस्जिद सर्राफा बाजार तक खराब सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले व्यापारियों की बैठक हुई। बैठक में क्षेत्रीय व्यापारियों ने सड़क की बदहाली और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने पर गहरा रोष जताया। व्यापारियों का कहना था कि पहली ही बरसात में सड़क कई जगह से उखड़ गई है और बजरी निकलने लगी है। जगह-जगह गड्ढे होने के साथ बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे राहगीरों और व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। व्यापारियों ने बताया कि नालियों और नाले की भी समुचित सफाई नहीं हुई है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी इस कदर भर जाता है कि यहां से गुजरना मुश्किल हो जाता है। जलभराव के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने से व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्र नगर पालिका के तीन वार्डों में आने के कारण भी समस्या के समाधान में दिक्कत होने की बात कही गई। बैठक की अध्यक्षता व्यापार मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री शाहिद शम्सी ने किया। व्यापारियों की समस्याएं सुनने के बाद शैलेंद्र शर्मा ने कहा, “व्यापारियों को असहाय हाल में नहीं छोड़ा जा सकता। व्यापार खराब होता रहे और व्यापार मंडल मौन रहे, यह मुमकिन ही नहीं है।” उन्होंने कहा कि समस्या उनके संज्ञान में पहले से है और इसके समाधान के लिए सभी व्यापारियों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि सड़क, जलभराव और नालियों की समस्या का समाधान कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से मुद्दा उठाया जाएगा। बैठक में मौजूद व्यापारियों ने हाथ उठाकर व्यापार मंडल के नेतृत्व में हरसंभव सहयोग और संघर्ष में साथ देने का संकल्प लिया। बैठक में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय व्यापारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *