IPO GMP Today: सितंबर के इस हफ्ते में प्राइमरी मार्केट में निवेशकों के पास एक साथ तीन IPO में पैसा लगाने का मौका है। Hero Motors, SS Retail और Jindal Supreme के आईपीओ 16 सितंबर 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले हैं और तीनों इश्यू 18 सितंबर तक खुले रहेंगे। खास बात यह है कि ग्रे मार्केट में तीनों आईपीओ को लेकर अलग-अलग तस्वीर देखने को मिल रही है। जहां एसएस रिटेल और जिंदल सुप्रीम के GMP में तेजी दिखाई दे रही है। वहीं, हीरो मोटर्स का ग्रे मार्केट प्रीमियम पिछले सेशन के मुकाबले काफी घट गया है। तीनों आईपीओ के शेयरों का अलॉटमेंट 21 सितंबर को होने की उम्मीद है। वहीं, एनएसई और बीएसई पर इनकी लिस्टिंग की संभावित तारीख 23 सितंबर 2026 बताई गई है।
Hero Motors IPO में क्या है GMP?
हीरो मोटर्स के आईपीओ का जीएमपी आज गुरुवार दोपहर को 3 रुपये पर दिखाई दिया। अपर प्राइस बैंड को आधार मानें तो इसके शेयर की अनुमानित लिस्टिंग कीमत करीब 87 रुपये हो सकती है। यानी 84 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले करीब 3.57 फीसदी प्रीमियम का संकेत मिल रहा है। हालांकि, जीएमपी में बड़ी गिरावट आई है। पिछले सेशन में यह 13 रुपये था। यानी ग्रे मार्केट में इस आईपीओ को लेकर प्रीमियम काफी कम हुआ है। अब तक यह आईपीओ करीब 3 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।
हीरो मोटर्स की शुरुआत अप्रैल 1998 में हुई थी। कंपनी ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए पावरट्रेन से जुड़े इंजीनियर्ड सॉल्यूशन तैयार करती है। इसका कारोबार अमेरिका, यूरोप, भारत और ASEAN क्षेत्र तक फैला है। कंपनी इलेक्ट्रिक और नॉन-इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के साथ दोपहिया, ई-बाइक, ऑफ-रोड व्हीकल, इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड कारों, भारी वाहनों और eVTOL जैसे क्षेत्रों के लिए भी समाधान देती है।
SS Retail IPO में क्या है GMP
एसएस रिटेल के आईपीओ को लेकर ग्रे मार्केट में तस्वीर काफी मजबूत नजर आ रही है। लाइव मिंट की रिपोर्ट के अनुसार, इसका जीएमपी 124 रुपये पर पहुंच गया है। पिछले सेशन में यह 90 रुपये पर था। 424 रुपये के अपर प्राइस बैंड और 124 रुपये के मौजूदा जीएमपी को आधार मानें तो शेयर की अनुमानित लिस्टिंग कीमत 548 रुपये हो सकती है। यानी इश्यू प्राइस के मुकाबले करीब 29.25 फीसदी प्रीमियम का संकेत मिल रहा है। यह आईपीओ गुरुवार दोपहर तक 3.5 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हो चुका था।
एसएस रिटेल की शुरुआत जून 2016 में हुई थी। यह मल्टी-ब्रांड रिटेल चेन है, जो मोबाइल फोन, एक्सेसरीज और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचती है। कंपनी का कारोबार महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गोवा और गुजरात में फैला है। इसका फोकस खास तौर पर टियर-2, टियर-3 और उससे छोटे शहरों पर है। 31 मार्च 2026 तक कंपनी के पास 215 शहरों में 503 स्टोर थे। इन स्टोर्स का कुल क्षेत्रफल करीब 2,41,365 वर्ग फुट था।
Jindal Supreme IPO को मिला अच्छा रिस्पांस
जिंदल सुप्रीम आईपीओ को निवेशकों की तरफ से अब तक सबसे ज्यादा रिस्पांस मिलता दिख रही है। इश्यू गुरुवार दोपहर तक 20 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हो चुका था। ग्रे मार्केट में इसका जीएमपी 28 रुपये दिखा है। कंपनी ने आईपीओ के लिए अपर प्राइस बैंड 93 रुपये रखा है। ऐसे में मौजूदा जीएमपी के आधार पर शेयर की अनुमानित लिस्टिंग कीमत करीब 121 रुपये हो सकती है। इस हिसाब से 93 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले करीब 30.11 फीसदी प्रीमियम का संकेत मिल रहा है।
जिंदल सुप्रीम (इंडिया) की स्थापना मार्च 1974 में हुई थी। कंपनी पांच दशक से ज्यादा समय से स्टील पाइप, ट्यूब और दूसरे स्टील उत्पादों के निर्माण और सप्लाई के कारोबार में है। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में Mild Steel यानी MS ब्लैक पाइप और ट्यूब, गैल्वनाइज्ड पाइप, मेटल बीम क्रैश बैरियर और GI ट्यूबलर पोल शामिल हैं। इनका इस्तेमाल इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक क्षेत्र में किया जाता है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)









