इंडो-नेपाल बॉर्डर सोनौली पर बिना पासपोर्ट-वीजा के नेपाल भागने की कोशिश कर रहा ब्रिटिश नागरिक जॉर्डन अब तिहाड़ जेल पहुंच गया है। गोरखपुर जेल में बंद था। 15 सितंबर को पुलिस कस्टडी में दिल्ली भेजा गया था। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने उसे 29 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जॉर्डन की गिरफ्तारी से बड़ा खुलासा हुआ है कि यह वही अपराधी है जो 9 महीने पहले दिल्ली के IGI एयरपोर्ट से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। गोरखपुर जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय ने बताया कि दिल्ली पेशी पर गया था। वहां तिहाड़ जेल में रखा गया है। 11 जुलाई को सोनौली पर पकड़ा गया था जॉर्डन
जानकारी के मुताबिक 11 जुलाई 2026 को जॉर्डन इंडो-नेपाल बॉर्डर सोनौली से बिना वीजा-पासपोर्ट के नेपाल में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान SSB की 22वीं वाहिनी ने उसे बॉर्डर पर दबोच लिया। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ सोनौली कोतवाली में आव्रजन व विदेशी अधिनियम 2025 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की सुनवाई महाराजगंज के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में चल रही है। अगली सुनवाई 28 सितंबर को मुकेश यादव की कोर्ट में लगी है। पहले महाराजगंज, फिर गोरखपुर जेल में रहा बंद
गिरफ्तारी के बाद जॉर्डन को महाराजगंज जिला कारागार में रखा गया था। जेल में उपद्रव के चलते 29 जुलाई को उसे गोरखपुर जिला कारागार शिफ्ट कर दिया गया था। गोरखपुर जेल में रहने के दौरान ही दिल्ली के IGI एयरपोर्ट थाने से उसे पेश करने का आदेश आया। दरअसल, IGI एयरपोर्ट थाने में उसके खिलाफ थाईलैंड से डिपोर्ट होने के दौरान फरार होने का केस दर्ज है। इस केस में दिल्ली की स्पेशल सेल उसकी तलाश में लगी थी, लेकिन फेल हो चुकी थी। 13 सितंबर को कोर्ट को पत्र देकर गोरखपुर कारागार प्रशासन उसे दिल्ली लेकर गया। 16 सितंबर को IGI एयरपोर्ट थाना पुलिस ने उसे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे तिहाड़ जेल भेज दिया। बैंकॉक से ब्रिटेन डिपोर्ट होते वक्त फरार हुआ था
जांच में सामने आया कि 11 जुलाई को सोनौली से पकड़ा गया जॉर्डन अक्टूबर 2025 में दिल्ली एयरपोर्ट से फरार हुआ था। 29 अक्टूबर 2025 को उसे थाईलैंड पुलिस बैंकॉक से ब्रिटेन डिपोर्ट करने के लिए दिल्ली के IGI एयरपोर्ट लाई थी। दिल्ली से ब्रिटेन के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने से पहले जॉर्डन थाईलैंड पुलिस और एयरपोर्ट अथॉरिटी की निगरानी को धता बताकर फरार हो गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी की तहरीर पर 31 अक्टूबर 2025 को IGI एयरपोर्ट थाने में आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम और फॉरेनर्स एक्ट में FIR दर्ज हुई थी। सभी एजेंसियां ढूंढती रहीं, सोनौली पर मिला
फरार होने के बाद दिल्ली स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, CISF, IB और ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की टीमें उसे तलाश रही थीं। लेकिन जून 2026 में सभी टीमों ने IGI थाने में रिपोर्ट दी कि देशभर में तलाश पूरी हो गई, जॉर्डन नहीं मिला। आखिरकार 9 महीने बाद वह सोनौली बॉर्डर पर पकड़ा गया।

