बहराइच में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने तथा उनके जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत हुई। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री के सेवाकाल की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने और ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रक्तदान शिविर का उद्घाटन अभियान की शुरुआत महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय और महर्षि बालार्क चिकित्सालय में रक्तदान शिविर और मरीजों को फल वितरण के साथ हुई। सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड़ ने एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी और पदमसेन चौधरी, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडे समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके वर्मा और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय खत्री भी मौजूद रहे। सांसद ने भी किया रक्तदान सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड़ ने अन्य जनप्रतिनिधियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार के साथ स्वयं रक्तदान किया। इसके बाद उन्होंने महर्षि बालार्क चिकित्सालय में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को फल वितरित किए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और जल्द स्वस्थ होने की कामना की। रक्तदान से बचाई जा सकती है जान सांसद डॉ. गोंड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर रक्तदान जैसा नेक कार्यक्रम करना अच्छा आयोजन है। उन्होंने कहा कि रक्तदान बड़ा दान है, क्योंकि इससे किसी का जीवन बचाया जा सकता है। सांसद ने आम लोगों से भी रक्तदान करने की अपील की।

