हरदा में गुरुवार को श्री विश्वकर्मा समाज सेवा समिति ने विश्वकर्मा पूजन दिवस मनाया। इस मौके पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई और कई धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। समाज के अध्यक्ष बसंत विश्वकर्मा ने बताया कि हमने समाज के लोगों ने एकजुटता और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा से हुई। इस अवसर पर समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने समाज के लोगों को भगवान विश्वकर्मा के जीवन, उनके योगदान और उनके आदर्शों के बारे में बताया। इसके बाद शहर के मुख्य रास्तों से भगवान विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों सदस्य, महिलाएं और बच्चे उत्साह के साथ शामिल हुए। जगह-जगह समाज के लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालु भगवान विश्वकर्मा के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। मुख्य अतिथि ने मंच से समाज के लोगों को संबोधित करते हुए भगवान विश्वकर्मा के आदर्शों को जीवन में अपनाने और समाज में एकता व सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया। विश्वकर्मा पूजन दिवस पर हुए इस कार्यक्रम में समाज के लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। आखिर में भगवान विश्वकर्मा की प्रसादी बांटी गई। कार्यक्रम का समापन श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकजुटता के माहौल में हुआ। अध्यक्ष बसंत विश्वकर्मा ने यह भी बताया कि समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने के लिए समाज को आगे आने को कहा गया।

