सतना में प्राचार्य-प्रोफेसर ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया:क्लासरूम में टूटी चूड़ियां मिलीं, दोनों पक्षों ने थाने में दर्ज कराई एनसीआर

सतना में प्राचार्य-प्रोफेसर ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया:क्लासरूम में टूटी चूड़ियां मिलीं, दोनों पक्षों ने थाने में दर्ज कराई एनसीआर

सतना जिले के रैगांव स्थित सरकारी कॉलेज में बुधवार को प्रभारी प्राचार्य डॉ. ममता पांडेय और असिस्टेंट प्रोफेसर शारदा सोनी के बीच रिकॉर्ड जमा करने को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों ने रैगांव थाने पहुंचकर एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए और एनसीआर दर्ज कराई। देर रात सामने आए वीडियो में दोनों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। कॉलेज के एक क्लासरूम में टूटी हुई चूड़ियों के टुकड़े भी मिले हैं। प्राचार्य बोलीं- रिकॉर्ड जमा करने की बात पर हुआ विवाद प्रभारी प्राचार्य डॉ. ममता पांडेय के मुताबिक, बुधवार दोपहर वे कॉलेज के क्लासरूम में छात्रों को पढ़ा रही थीं। इसी दौरान असिस्टेंट प्रोफेसर शारदा सोनी रिकॉर्ड जमा करने की बात कहते हुए वहां पहुंचीं। प्राचार्य ने उनसे रिकॉर्ड गणेश पाण्डेय के पास जमा करने और कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा। प्राचार्य का आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और दोनों के बीच हाथापाई हो गई। उनका कहना है कि इस दौरान उनके कान के टॉप्स और हाथ की चूड़ियां टूट गईं। प्राचार्य पक्ष के अनुसार, शारदा सोनी को 6 सितंबर को ट्रेनिंग के लिए रिलीव किया गया था और उनकी ट्रेनिंग 12 सितंबर तक थी। आरोप है कि ट्रेनिंग पूरी होने के बाद वे कार्यदिवस में कॉलेज आने के बजाय 16 सितंबर को दोपहर करीब 12.45 बजे कॉलेज पहुंचीं। उस समय प्राचार्य क्लास ले रही थीं। रिकॉर्ड जमा करने को लेकर बातचीत के दौरान ही विवाद हुआ। असिस्टेंट प्रोफेसर ने प्राचार्य और ड्राइवर पर लगाया मारपीट का आरोप वहीं, असिस्टेंट प्रोफेसर शारदा सोनी ने भी पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने प्रभारी प्राचार्य डॉ. ममता पांडेय और उनके ड्राइवर पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। शारदा सोनी के मुताबिक, मारपीट में उनकी कलाई में चोट आई है। शारदा सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में पिछले करीब डेढ़ साल से प्रभारी प्राचार्य द्वारा प्रताड़ित किए जाने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने इस संबंध में कलेक्टर से शिकायत करने की बात कही है। फरवरी में भी विवाद की बात सामने आई थी कॉलेज में विवाद की यह पहली घटना नहीं बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, फरवरी में भी कॉलेज में विवाद की स्थिति बनी थी। इसके अलावा सार्थक एप पर उपस्थिति दर्ज करने को लेकर भी असिस्टेंट प्रोफेसर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने की बात सामने आई थी। दोनों पक्षों की शिकायत पर एनसीआर दर्ज रैगांव पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एनसीआर दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। पुलिस वीडियो और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मारपीट की वास्तविक स्थिति और विवाद की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *