जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस ने कनाडा सरकार के उनके देश पर राज करने की धमकी दी है। इसके लिए भारत से लेटर भेजा गया है। कनाडा की सीबीसी न्यूज ने इस लेटर को हासिल कर पूरे मामले का खुलासा किया है।
लेटर के हवाले से दावा किया गया है कि लॉरेंस ने कनाडा सरकार, सेना और पुलिस को धमकी भरा खत भेजा है। इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड की कार्यवाही के रिकॉर्ड से भी इस बात का खुलासा हुआ है।
इस लेटर को लेकर अभी जांच जारी है। कनाडा की एडमॉन्टन पुलिस सर्विस के ऑर्गनाइज्ड क्राइम ब्रांच ने इसे रिकॉर्ड का हिस्सा बनाया और इसे एबॉट्सफोर्ड पुलिस को भेजा है।
लेटर में लिखा है कि हम आपको एक लिखित चेतावनी और चुनौती दे रहे हैं। हम भारतीय गैंग हैं। कनाडा में हमें रोकने की हिम्मत नहीं है। अब हम कनाडा पर राज करेंगे। हम बहुत शक्तिशाली हैं। कोई भी अन्य गैंग हमसे बड़ा नहीं है, यहां तक कि आपके हेल एंजेल्स (सफेद सूअर) भी नहीं।
यह अब हमारा समय है। हमारे पास कनाडा में 5 हजार से ज्यादा गैंग सदस्य हैं। वे केवल 1000 हजार डालर के लिए शूटिंग कर सकते हैं। क्या आप हमें रोक सकते हैं, बिल्कुल नहीं।
आप देखेंगे कि हम जल्द ही कनाडा पर कब्जा कर लेंगे। यह आप सभी को चेतावनी है, हमारी गतिविधियों से दूर रहें, वरना अगले दिन आप पुलिस स्टेशन पर शूटिंग की खबर देख सकते हैं, ठीक है।
हमारे पास कनाडा पुलिस से ज्यादा बंदूकें हैं। बहुत जल्द सभी को यह देश छोड़ देना चाहिए यह कोई मजाक नहीं है, ये लॉरेंस का आदेश है। लॉरेंस गैंग से मिले खत में ये लिखा होने का दावा… हर बिजनेसमैन को देना होगा टैक्स गैंग ने कनाडा के व्यापारिक जगत को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा है कि अब से हर उद्योगपति को उन्हें प्रोटेक्शन मनी (रंगदारी) देनी होगी। यह टैक्स की तरह है और किसी भी बिजनेसमैन के पास इससे बचने का कोई रास्ता नहीं है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कारोबारी भारतीय है, गोरा है या काला… भुगतान सभी को करना ही पड़ेगा। कनाडाई एजेंसियों में मचा हड़कंप लॉरेंस 2015 से भारत की जेल में बंद है, लेकिन कनाडाई अधिकारियों का कहना है कि उसके सिंडिकेट ने विदेशों में एक खतरनाक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क खड़ा कर लिया है। एबॉट्सफोर्ड पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि उन्हें बिश्नोई गैंग से जुड़ा यह लेटर मिला था, जिसकी जानकारी देश में चल रहे जबरन वसूली संकट की जांच कर रही अन्य कनाडाई लॉ-एन्फोर्समेंट एजेंसियों के साथ साझा की गई है। कनाडा के कई सूबों में हाल के दिनों में हुई गोलीबारी और रंगदारी के मामलों को कनाडाई जांच एजेंसियों ने बिश्नोई नेटवर्क से जोड़कर देखा है। अब इस लेटर के सामने आने के बाद कनाडा के सुरक्षा हलकों में हड़कंप मच गया है।

