महिला पार्षद के ससुर का आरोप-परिवार को बंदी बनाकर रखा:देर रात एयरपोर्ट थाने पहुंचे कांग्रेस नेता, बोले-हमारे बने हुए बोर्ड को बिगाड़ रही बीजेपी

महिला पार्षद के ससुर का आरोप-परिवार को बंदी बनाकर रखा:देर रात एयरपोर्ट थाने पहुंचे कांग्रेस नेता, बोले-हमारे बने हुए बोर्ड को बिगाड़ रही बीजेपी

जोधपुर नगर निगम के पार्षद चुनावों का परिणाम आने के बाद से ही भाजपा और कांग्रेस ने निर्दलियों पार्षदों की बाड़ेबंदी शुरू कर दी थी। वार्ड नंबर 76 की महिला पार्षद के गायब होने का मामला बुधवार देर रात थाने पहुंच गया। महिला पार्षद निर्मला नायक के ससुर लक्ष्मण नायक ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्रवधु के साथ बेटे और उनकी पोती समेत परिवार को बंदी बनाकर रखा गया है। वे दो दिन से घर भी नहीं आए। इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारड़ा, राजेंद्र सोलंकी और पूर्व विधायक मनीषा पंवार समेत कई कांग्रेसी नेता थाने पहुंचे और शिकायत दी। उनका कहना था कि पुलिस इस मामले में एफआईआर नहीं कर रही है। इधर, पुलिस का कहना था कि शाम को सोहनलाल आए थे, उनकी शिकायत पर परिवाद दर्ज कर लिया था और मामले की जांच की जा रही है। ससुर का आरोप-बिना इच्छा के परिवार को ले गए महिला पार्षद निर्मला नायक के ससुर लक्ष्मण नायक ने शिकायत में बताया कि उनकी पुत्रवधु ने वार्ड नंबर 76 से चुनाव लड़ा था। 14 सितंबर को रिजल्ट आने के बाद परिवार के लोग जश्न मना रहे थे। इसी दौरान गर्मी ज्यादा होने की वजह से तबीयत खराब होने लगी। इस पर दो लोग उनके बेटे, पुत्रवधु और उनकी पांच साल की बेटी को कार में बैठाकर ले गए। इसके बाद देर शाम तक नहीं लौटे। इसके बाद शाम को कॉल आया और बताया कि परिवार उनके पास ही है। वहीं 15 सितंबर को दोबारा बेटे का कॉल आया और बताया कि वे जल्द ही जोधपुर आएंगे। उन्होंने परिवाद में आरोप लगाया ​कि उनके परिवार को बंदी बनाकर रखा गया है। इस परिवाद में सोहनलाल नायक ने भाजपा नेताओं पर भी आरोप लगाया। मामले को लेकर थानाधिकारी भारत ने बताया- आज शाम को लक्ष्मण नायाक आए थे। उन्होंने लिखित में शिकायत दी थी। प्रारंभिक सबूतों के आधार पर परिवाद दर्ज किया है। लोकेशन के बारे में पता लगा रहे हैं। कांग्रेस नेता बोले- जीती हुई पार्षद गायब हुईं, हमारे बने हुए बोर्ड को बिगाड़ रहे हैं इधर, इस मामले को लेकर देर रात कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारड़ा, राजेंद्र सोलंकी और पूर्व विधायक मनीषा पंवार समेत कई कांग्रेस नेता एयरपोर्ट थाने पहुंचे। कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारड़ा ने बताया- निर्मला नायक हमारे पूर्व पार्षद लक्ष्मण नायक की पुत्रवधु हैं। उनका बेटा, बहू और बच्ची गायब हैं। वे नहीं मिले तो हम थाने आए। उन्होंने बताया कि सीआई से हमने रिक्वेस्ट की है कि जीती हुई पार्षद गायब हैं। एफआईआर दर्ज नहीं की है। लेकिन, उन्होंने बताया कि परिवाद दर्ज कर रहा हूं। वे बोले- मैं पहले भी कहते आया हूं जोधपुर का लोकतंत्र खतरे में है। हमें वोट प्रतिशत ज्यादा मिल रहा है। हमारे बने हुए बोर्ड को बीजेपी वाले बिगाड़ रहे हैं। हम एफआईआर दर्ज नहीं करवा पा रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कुछ भी करके बोर्ड बनाना चाहती है। इसके बाद मैंने निर्वाचन आयोग से भी बात की है। सोलंकी बोले- हमारे जहां प्रत्याशी रुके हैं, वहां से ले जा रहे हैं वहीं कांग्रेस नेता राजेंद्र सोलंकी ने आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे प्रत्याशी जहां भी होटलों में रुके हुए हैं, ये वहां से भी ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने इनका साथ नहीं दिया। बीजेपी की जो गुंडागर्दी और तानाशाही चल रही है, वो अब नहीं चलेगी। उन्होंने कहा यदि सुनवाई नहीं हुई तो कोर्ट जाएंगे। इधर, इस पूरे घटनाक्रम के दौरान लक्ष्मण नायक की भी देर रात तबीयत बिगड़ी, जिन्हें मथुरादास माथुर हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां उनसे मिलने कांग्रेस के नेता भी पहुंचे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *