गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर सिया को कार से टक्कर मारकर जान से मारने की कोशिश करने के मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला और वारदात के समय कार में मौजूद उसके साथी व चचेरे भाई लवनीश को अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। इस दौरान पुलिस दोनों आरोपियों को वारदात वाली जगह पर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट करेगी, ताकि घटना की कड़ियों को पूरी तरह जोड़ा जा सके। वहीं सिया के पिता ने एक और नई बात बताई, उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला ने अजीबोगरीब दलील दी कि उसे तेज पेशाब लगी थी, जिसकी वजह से वह हड़बड़ी में गाड़ी भगा रहा था और इसी चक्कर में अनजाने में टक्कर लग गई। पिता बोले- वॉशरूम के लिए कार रोक सकता था उन्होंने इस गैर-जिम्मेदाराना बयान पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उसे वॉशरूम जाने की ज़रूरत महसूस हो रही थी, तो वह अपनी कार स्लो कर सकता था या रोक सकता था। रात भर वॉशरूम नहीं किया, यह कौनसा नॉनसेंट बयान है कि वॉशरूम के कारण गाड़ी भगा रहा था। उन्होंने कहा कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार ने जानबूझकर सिया की बाइक को निशाना बनाया और उसे जोरदार टक्कर मारी। टक्कर मारने के बाद गाड़ी रोकने के बजाय वह तेजी से फरार हो गया। यह सिर्फ एक रोड-रेज या जल्दबाजी का मामला नहीं, बल्कि सीधे तौर पर मेरी बेटी को मारने की सोची-समझी कोशिश थी। लवनीश पर अभद्र टिप्पणी का आरोप पुलिस जांच में पता चला है कि घटना के समय कार की पैसेंजर सीट पर बैठा लवनीश इस पूरे घटनाक्रम में बराबर का भागीदार था। लवनीश पर सिया को देखकर अभद्रता करने का आरोप है। लवनीश कार में बैठे लगातार कल्याण को उकसा भी रहा था। जब बाइकर्स ने उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश की, तो वे और ज्यादा आक्रामक हो गए। इसी चक्कर में कल्याण बैंसला ने कार से सिया की स्पोर्ट्स बाइक को पीछे से उड़ा दिया। सीन रीक्रिएशन से खुलेगा राज पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की दो दिन की रिमांड के दौरान लवनीश और कल्याण के साथ सीन रिक्रिएट किया जाएगा। घटना का पूरा रूट मैप तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस दोनों को गोल्फ कोर्स रोड के उस स्पॉट पर ले जाएगी, जहां यह टक्कर हुई थी। सीसीटीवी फुटेज, एक्शन कैमरा की रिकॉर्डिंग और सीन रीक्रिएशन के बाद पुलिस चार्जशीट पेश करेगी। ताकि आरोपियों को ‘हत्या के प्रयास’ के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। मुहं ढककर कोर्ट में पेश हुए आरोपी कल्याण बैंसला और उसके साथी लवनीश को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। इस दौरान दोनों ही आरोपी कानूनी प्रक्रियाओं के तहत अपना मुंह कपड़े से पूरी तरह ढक कर अदालत कक्ष में पहुंचे। सुरक्षा घेरे में लाए गए आरोपियों का चेहरा छिपाने के पीछे पुलिस का मुख्य उद्देश्य मामले की संवेदनशीलता और आगामी शिनाख्त परेड की गोपनीयता को बनाए रखना है। कोर्ट परिसर में मौजूद मीडिया और भारी भीड़ के सामने पुलिस दोनों आरोपियों को मुस्तैदी से पेशी के लिए ले गई, जहां कोर्ट ने उनको दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

